बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा हटाए जाने के बाद सियासत गरमा गई है. Z+ सुरक्षा हटाए जाने के बाद दोनों नेताओं ने अपने आवास पर तैनात अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी वापस भेज दिया. इस बीच पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड आवास के बाहर बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ता जुट गए. कई कार्यकर्ता हाथों में लाठी-डंडे लेकर आवास के बाहर पहुंच गए हैं.
"घर खाली करने की धमकी और फिर साजिश"
पार्टी के नेताओं ने इसे साजिश बताते हुए कहा, "पहले घर खाली करने की धमकी दी गई और पूरे परिवार की सुरक्षा में कटौती कर दी गई. वे (बीजेपी) विपक्ष को कुचलना चाहते हैं. लोकतंत्र में ऐसी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है. यह बिहार के लोगों को मंजूर नहीं है."
आवास खाली करने के आदेश के बाद सियासत तेज
10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने और सुरक्षाकर्मी हटाने के आदेश के बाद सियासत गरमाई हुई है. भवन निर्माण विभाग आवास खाली कराने के नियम समझा रहा है तो विपक्ष इसे सरकारी की मनमानी बता रहा है. इसके बाद से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से बहस छिड़ गई है.
पटना स्थित लालू प्रसाद यादव के आवास के बाहर से सुरक्षाकर्मियों को हटाए जाने के बाद की तस्वीर.
आरजेडी नेता बोले- जनता लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा कवच
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने इसे घटिया सियासत बताया. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में कटौती, उनके परिवार की सुरक्षा में कमी, यह दर्शाता है कि सरकार कहीं न कहीं बदले की भावना से काम कर रही है. लालू प्रसाद का नाम देश के बड़े नेताओं में आता है. जनता सब देख रही है, यह घटिया राजनीति है, आपके सुरक्षा के क्या मानक है? जनता लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा कवच है.
यह भी पढ़ेंः खान सर सरेंडर करने पटना सिविल कोर्ट पहुंचेंगे, फायरिंग केस में हुई थी एफआईआर