बिहारः पति-पत्नी के विवाद में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग! युवक का आरोप- ससुराल वालों ने चलवाईं गोली

बिहार के बेतिया में 2 बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं. फायरिंग के पीछे पारिवारिक विवाद को वजह बताया जा रहा है. पढ़िए जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
फायरिंग मामले में पुलिस की जांच जारी है.

बिहार के बेतिया में देर रात फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई.  साठी थाना क्षेत्र के पांडे टोला में करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग हुई घटना की सूचना मिलते ही साठी थाना पुलिस, एसडीपीओ तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. रात के सन्नाटे में गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण सहम गए और कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. फायरिंग की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन इसके पीछे आपसी विवाद को वजह बताया जा रहा है.

3 बाइक सवारों ने की फायरिंग

रात करीब 2 बजे दो बाइक पर सवार 3 युवक पांडे टोला पहुंचे. इसके बाद उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और फिर फरार हो गए. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. 

पारिवारिक विवाद हो सकती है वजह

क्षेत्र के निवासी संजय पांडे के बेटे चुन्नू पांडे की शादी 19 फरवरी को नरकटियागंज निवासी युवती से हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच घरेलू विवाद की स्थिति बनी हुई थी. मामला इतना बढ़ गया था कि लड़की पक्ष की ओर से थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी. स्थानीय लोगों और चुन्नू पांडे का कहना है कि देर रात हुई फायरिंग की घटना का संबंध इसी पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है.

शादी से जुड़े मामले में होनी थी सुनवाई 

वहीं, चुन्नू पांडे ने बताया कि शादी के बाद से ही विवाद शुरू हो गया. मामला इतना बढ़ गया था कि थाने में प्राथमिकी भी दर्ज हो गई. उसी मामले में सुनवाई भी होनी है, लेकिन इससे पहले रात को फायरिंग की घटना घटी. नरकटियागंज एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने फायरिंग की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सभी एंगल से जांच की जा रही है.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः एंबुलेंस से उतारकर मरीज को गोद में ले गए पर‍िजन, जाम में मरीज की हालत बिगड़ी


 

Featured Video Of The Day
महाराष्ट्र में भीषण सड़ हादसा
Topics mentioned in this article