Bihar News: बिहार के बेगूसराय में नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार की दिनदहाड़े हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि यह हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर रची गई साजिश का नतीजा थी, जिसमें 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी.
गर्लफ्रेंड को लेकर पुरानी रंजिश
सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के अनुसार मंझौल निवासी गोविंद कुमार और पचंबा के भूपेंद्र कुमार के बीच एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच पहले भी झगड़ा और धमकी की घटनाएं हो चुकी थीं. इसी दुश्मनी ने हत्या की साजिश को जन्म दिया.
जेल में बैठकर रची गई साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि भूपेंद्र कुमार ने गोविंद को रास्ते से हटाने के लिए प्रिंस कुमार से संपर्क किया. प्रिंस ने अपने चचेरे भाई और कुख्यात अपराधी मंगल सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी. 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और पिछले चार-पांच महीनों से जेल के अंदर ही इस हत्याकांड की योजना बनाई जा रही थी.
गिरोह का आपराधिक इतिहास
मंगल सिंह एक संगठित गिरोह चलाता है, जो सुपारी लेकर हत्या, बैंक लूट और ज्वेलरी शॉप लूट जैसी वारदातों को अंजाम देता रहा है. हाल ही में दरभंगा में ज्वेलरी लूट और तेघड़ा में एक्सिस बैंक लूट में भी इस गिरोह का नाम सामने आया था.
असम से आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा में ज्वेलरी लूट के बाद पुलिस कार्रवाई में मंगल सिंह पकड़ा गया. पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर बेगूसराय पुलिस की DIU और STF टीम ने असम में छापेमारी कर इनियार गांव निवासी मुरारी कुमार को गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी दरभंगा से बरामद की गई है.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस मामले के मुख्य आरोपी भूपेंद्र कुमार, प्रिंस कुमार और गोली चलाने वाले शिवम कुमार की तलाश में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- धौलपुर: फर्जी फर्म बनाकर कर दी 12 करोड़ से ज्यादा की ठगी, 43 हजार का इनामी ठग दिल्ली से गिरफ्तार














