नालंदा में भीषण सड़क हादसा, गड्ढे में तेज रफ्तार कार के गिरने से तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत

बिहार के नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं.

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. चंडी थाना क्षेत्र में सालेहपुर मोड़ और गौढ़ापुर के बीच तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसा इतना गंभीर था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

तीन छात्रों ने तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार इस हादसे में नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान आशीष कुमार, राहुल कुमार और उत्सव सिंह के रूप में हुई है. वहीं शशिकांत और धीरज कश्यप गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का कारण

स्थानीय लोगों के मुताबिक कार चंडी की ओर से तेज गति में आ रही थी. गौढ़ापुर के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गड्ढे में जा गिरी. हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला.

घायलों को तुरंत पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से चंडी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने आशीष कुमार और राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल उत्सव सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

Advertisement

पुलिस जांच में जुटी

चंडी थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. एक साथ तीन छात्रों की मौत से परिवारों और कॉलेज में गहरा दुख है.

यह भी पढ़ें- मंत्री की बैठक के दौरान रील देखने में व्यस्त थीं अधिकारी, वीडियो आया सामने; अब गिरेगी गाज

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Pakistan अब 'भस्मासुर' बन गया है! America को पाक से परमाणु खतरा? |Sucherita Kukreti