बिहार में सेक्सटॉर्शन का बड़ा खेल, लड़की बनकर लोगों को फंसाता था... फिर करता था लाखों की ठगी

बिहार के भोजपुर में सेक्स्टॉर्शन के जरिए 19.35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी फर्जी लड़की बनकर लोगों को फंसाता था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले में साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ‘सेक्स्टॉर्शन' के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान आदिल राशिद के रूप में हुई है, जो आरा के दौलतपुर इलाके का निवासी है.

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था. वह खुद को लड़की बताकर बातचीत शुरू करता और धीरे-धीरे लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ लेता था.

प्रेम जाल में फंसाकर बनाता था आपत्तिजनक वीडियो

मामले का खुलासा तब हुआ जब अधिवक्ता प्रमोद कुमार राय ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि ‘नेहा कुमारी' नाम की एक लड़की के रूप में उनसे संपर्क किया गया. बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने वीडियो कॉल के जरिए आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर ली.

इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को धमकाना शुरू किया कि अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे. सामाजिक प्रतिष्ठा के डर से पीड़ित ने कई बार पैसे दिए और कुल 19 लाख 35 हजार रुपये गंवा दिए.

Advertisement

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की. मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और आईपी एड्रेस की जांच के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई गई. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए जिनमें कई संदिग्ध चैट और लेनदेन के सबूत मिले हैं. पुलिस अब इन मोबाइलों की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.

नाबालिग लड़कियों के नाम का दुरुपयोग

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया से नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें लेकर फर्जी प्रोफाइल बनाता था. इससे मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस को शक है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह भी हो सकता है.

Advertisement

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसके खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी के दबाव में आकर पैसे न दें. ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें.

यह भी पढ़ें- डूंगरपुर: जंगल में भीषण आग से मचा हड़कंप, RO प्लांट जलकर राख; 5 घंटे की मशक्कत से दमकल ने बचाए घर

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bihar New CM | CM बनते ही एक्शन में सम्राट!| Bihar News | Bharat Ki Baat Batata Hoon
Topics mentioned in this article