मांझागढ़ के बाजार में बुधवार एक युवती 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई. प्रेमी के शादी से इनकार करने पर युवती उसके गांव पहुंचकर मोबाइल टॉवर पर चढ़कर जान देने की धमकी देने लगी. सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची. घंटों से परिजन और पुलिस लड़की को मनाने में जुटे हैं, लेकिन वह टॉवर से नीचे उतरने का नाम नहीं ले रही है.
घंटों से मोबाइल टॉवर पर बैठी
जानकारी के मुताबिक, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के गोरौली निवासी युवती आज मांझा बाजार पहुंची. वह मोबाइल टॉवर पर चढ़कर घंटों से बैठी है. बताया जा रहा है कि युवती का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह उससे शादी करना चाहती है, लेकिन लड़की का प्रेमी शादी के लिए तैयार नहीं हुआ.
शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका
पहले यह मामला महिला थाना पहुंचा. मामले में पंचायत भी हुई, लेकिन लड़के ने शादी करने से इनकार कर दिया. इससे नाराज युवती प्रेमी के गांव में भरी दोपहर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. प्रेमी से शादी कराने की मांग कर रही है. स्थानीय लोगों ने पहले प्रेमिका को मनाने की कोशिश की, जब वह टॉवर से नीचे नहीं उतरी तो पुलिस बुलानी पड़ी.
प्रेमी के परिजन मनाने में जुटे
अब पुलिस और प्रेमी के परिजन भी लड़की को समझाने में जुटे हैं. लड़की अब तक टॉवर से नीचे नहीं उतरी है. सूचना जैसे ही आसपास के लोगों को मिली भारी संख्या में लोग पहुंच गए. लोगों ने वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया.
यह भी पढ़ें: ब्राह्मणों को यूपी में कौन कर रहा है बदनाम, क्या है इसके पीछे की साजिश?














