भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार (6 अप्रैल) को बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि साल 1984 के लोकसभा चुनाव में हम केवल दो सीटें जीत सके थे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम लगातार मजबूत हुए हैं. हम बिहार में भी अच्छी खबर की उम्मीद कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "असम में हम आराम से सत्ता बरकरार रखेंगे. पश्चिम बंगाल में हम सत्ता हासिल करेंगे. तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी, जबकि केरल में भाजपा पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगी."
बीजेपी का होगा अगला सीएम?
हाल ही में नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद अगले सीएम की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है. राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि 75 वर्षीय नीतीश कुमार अगले सप्ताह तक सत्ता की कमान छोड़ सकते हैं. साथ ही बिहार में भाजपा अपना मुख्यमंत्री बना सकती है.
सम्राट चौधरी ने भी कही ये बात
वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात है कि भाजपा 47 वर्ष की हो गई है. वह अगले 4700 वर्षों तक बिहार पर शासन करे. गृह विभाग संभाल रहे सम्राट चौधरी को नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में मुख्यमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः असम में चुनाव प्रचार खत्म होने से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, खरगे की रैली के दौरान दिग्गज नेता का इस्तीफा