Patna News: बिहार की राजधानी पटना में मंत्रिमंडल विस्तार (Bihar Cabinet Expansion) के चलते गुरुवार को रूट डायवर्ट (Route Divert) थे और सड़कों पर वाहनों का सैलाब उमड़ा था. न्यू बाईपास मीठापुर के भूपतिपुर चौक पर ट्रैफिक रेंग रहा था, तभी एक एम्बुलेंस वहां फंस गई. एम्बुलेंस में आलमगंज के रहने वाले अब्दुल हमीद का 7 वर्षीय बेटा अर्शद जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा था. ट्रैफिक का लोड इतना ज्यादा था कि एम्बुलेंस का निकलना नामुमकिन लग रहा था. तभी वहां तैनात ट्रैफिक जवान पंचम कुमार ने जो किया, उसने खाकी का मान बढ़ा दिया. पंचम ने बिना समय गंवाए बच्चे को एम्बुलेंस से निकाला, उसे अपनी गोद में उठाया और मीठापुर बस स्टैंड के गेट नंबर 1 की तरफ अस्पताल के लिए करीब 500 मीटर तक दौड़ लगा दी.
2 घंटे से मां मांग रही थी मदद
दरअसल, अर्शद की तबीयत सुबह अचानक बिगड़ गई थी. परिजन उसे लेकर अस्पताल के लिए निकले थे, लेकिन भीषण जाम के कारण वे पिछले 2 घंटे से एम्बुलेंस में ही कैद थे. अर्शद की मां बेबस होकर पुलिसवालों से रास्ता साफ करने की मिन्नतें कर रही थी. जब जवान पंचम कुमार ने मां की रुलाई और बच्चे की नाजुक हालत देखी, तो उन्होंने खुद मोर्चा संभाला. उनके इस साहसिक कदम की बदौलत बच्चा समय रहते डॉक्टरों के पास पहुंच सका.
'समय पर नहीं आता तो बढ़ जाती मुश्किल'
अस्पताल पहुंचते ही मासूम अर्शद के मुंह से खून आने लगा था. डॉक्टरों ने तुरंत उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा. डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे की हालत बहुत गंभीर थी और उसे तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत थी. अगर पंचम कुमार उसे गोद में लेकर अस्पताल नहीं दौड़ते और समय पर इलाज शुरू नहीं होता, तो बच्चे की जान बचाना मुश्किल हो सकता था. फिलहाल, ऑक्सीजन मिलने के बाद बच्चे की स्थिति स्थिर और बेहतर बताई जा रही है. अर्शद के परिजनों ने पंचम कुमार का हाथ जोड़कर आभार जताया है.
पटना ट्रैफिक पुलिस ने लगाई जान बचाने की 'हैट्रिक'
यह पहली बार नहीं है जब पटना ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने अपनी बहादुरी से मिसाल पेश की है. पटना पुलिस की जांबाजी के किस्से लगातार सुर्खियों में हैं. इससे पहले 22 मार्च 2026 को ट्रैफिक जवान अंजनी कुमार ने CISF के एक जवान को सड़क पर ही CPR देकर नई जिंदगी दी थी. उससे पहले फरवरी 2026 में ट्रैफिक महिला जवान तारा कुमारी ने गंगा में डूबते शख्स को बचाने के लिए खुद नदी में छलांग लगा दी थी. इन दोनों ही घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुए थे और अब पंचम कुमार का यह वीडियो भी लोगों को भावुक कर रहा है.
ये भी पढ़ें:- बिहार में अगले 7 दिन मौसम बरपाएगा कहर, कहीं पड़ेगी भीषण गर्मी तो कहीं आंधी-तूफान का अलर्ट














