बिहार में सम्राट कैबिनेट ने अपनी दूसरी बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं. बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान (Sanjay Gandhi Botanical Garden) का नाम बदलने का फैसला किया है. इस बैठक में कुल 64 प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. बैठक के बाद एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में संजय गांधी जैविक उद्यान पटना का नाम बदल दिया गया है. उद्यान के संचालन के लिए गठित संजय गांधी जैविक उद्यान प्रबंधन एवं विकास सोसाईटी के नामकरण भी स्वीकृति दी गई है.
संजय गांधी जैविक उद्यान का अब क्या नाम
सरकार ने संजय गांधी जैविक उद्यान के नाम को बदलकर पटना जू करने का फैसला लिया है. इसके अलावा, बिहार वानिकी महाविद्यालय एवं शोध संस्थान, मुंगेर के स्थायी स्थापना के तहत पठन-पाठन कार्य के सुचारू संचालन और विभागीय प्रशिक्षण एवं शोध कार्यों के लिए पहले से सृजित 85 पदों को बदलते हुए विभिन्न कोटि के कुल 250 पदों के सृजन की भी स्वीकृति इस बैठक में दी गई है. सरकार ने बिहार हरित जलवायु कोष के गठन का निर्णय लिया है, यह राज्य में पर्यावरणीय एवं जलवायु सहनशील गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए बनाया गया है.
संग्रहालय का भी नाम बदला
90 किलोमीटर लंबे बक्सर-आरा-मनेर गंगा पथ को पीपीपी मोड पर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से क्रियान्वित करने और डीपीआर, परामर्शी व ट्रांजैक्शन एडवाइजर की सेवा प्राप्त करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने अपनी स्वीकृति दी है. इसके अलावा, कला एवं संस्कृति विभाग के संग्रहालय निदेशालय के अंतर्गत स्थापित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में वाचनालय प्रारंभ करने और संग्रहालय का नाम "भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय-सह-वाचनालय" कर दिया गया है.
बिहार में ऑटिज्म से ग्रस्त लोगों की इलाज के लिए पटना मास्टर प्लान, 2031 के तहत गर्दनीबाग में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि पर "सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस" की स्थापना की मंजूरी दी गई है. इसके अलावा "सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस" के संचालन के लिए नामांकन के आधार पर, देश के राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त संस्थानों में से उत्कृष्ट संस्थान के चयन की स्वीकृति दी गई. राज्य में कैंसर की रोकथाम, चिकित्सा और समुचित प्रबंधन के लिए बिहार कैंसर केयर एण्ड रिसर्च सोसाइटी के कार्यालय संचालन के लिए आवश्यक विभिन्न छह पदों के सृजन की भी स्वीकृति दी गई.
यह भी पढे़ं-














