Bihar News: बिहार में महंगी होगी यात्रा, बस-ऑटो और कमर्शियल वाहनों का किराया 15% तक बढ़ा, पटना में फाइनल होगी रेट लिस्ट

बिहार में 1 जून से सफर करना और सामान की ढुलाई महंगी होने जा रही है. पेट्रोल-डीजल और स्पेयर पार्ट्स की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने बस, ऑटो और व्यावसायिक वाहनों के किराये में 10 से 15% तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
तेल की बढ़ती कीमतों का असर: बिहार में 1 जून से 15% तक बढ़ जाएगा बसों और ऑटो का किराया, जेब पर पड़ेगा भारी असर (फाइल फोटो)
IANS

Bihar News: बिहार के लोगों को 1 जून से महंगाई का एक और बड़ा झटका लगने वाला है. राज्य में सफर करना और सामान ढोना अब पहले से ज्यादा महंगा हो जाएगा. पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और गाड़ियों के मेंटेनेंस के खर्च में हो रहे इजाफे का सीधा असर अब आम जनता की जेब पर पड़ने वाला है. 1 जून से पूरे बिहार में बसों, ऑटो और सभी कमर्शियल वाहनों के किराये में 10 से 15 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी होने जा रही है.

2021 के बाद अब बढ़ रहा किराया

इस पूरी बढ़ोतरी पर स्थिति साफ करते हुए बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष उदय प्रसाद सिंह ने बताया कि मोटर मालिकों की यह मांग लंबे समय से पेंडिंग थी. उन्होंने कहा, 'साल 2021 में ही आखिरी बार भाड़े में वृद्धि हुई थी. तब से लेकर अब तक कई बार डीजल और पेट्रोल के रेट बढ़ चुके हैं. इसके अलावा वाहनों के स्पेयर पार्ट्स के दामों में भी लगातार अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है.'

'5 साल बाद सरकार ने सुनी मांग'

फेडरेशन का कहना है कि वे इस परेशानी से सरकार को काफी दिनों से अवगत करा रहे थे, लेकिन उनकी मांगों को अनसुना किया जा रहा था. उदय प्रसाद सिंह ने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि आखिरकार अब सरकार ने ट्रांसपोर्टरों की मांगों पर ध्यान दिया है और किराया बढ़ाने की सहमति दे दी है.

रविवार को पटना में तय होगा फाइनल रेट

किराये में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसका अंतिम खाका रविवार को खींचा जाएगा. उदय प्रसाद सिंह ने जानकारी दी कि रविवार को पटना में मोटर मालिकों और फेडरेशन से जुड़े तमाम लोगों की एक बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है. इसी बैठक में यह अंतिम निर्णय लिया जाएगा कि 1 जून से भाड़े में पूरे 15% की बढ़ोतरी की जाए या फिर इसे थोड़ा कम रखा जाए.

Advertisement

आम आदमी पर पड़ेगा सीधा असर

भले ही ट्रांसपोर्टरों के लिए यह राहत की खबर हो, लेकिन आम जनता के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं है. 1 जून से लागू होने वाले इस नए भाड़े का सीधा असर लोगों के घर के बजट पर पड़ेगा. बसों और ऑटो के किराये में बढ़ोतरी से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों का मासिक खर्च बढ़ जाएगा. फेडरेशन के मुताबिक, सिर्फ बसों का नहीं बल्कि मालवाहक गाड़ियों का किराया भी बढ़ रहा है. माल ढुलाई महंगी होने से हरी सब्जियां, फल, राशन और रोजमर्रा के जरूरी सामान भी महंगे हो सकते हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर देखने को मिलेगा.

ये भी पढ़ें:- बिहार में आंधी-तूफान का कहर: 107 KMPH की रफ्तार से चली हवाएं, 7 लोगों ने गंवाई जान; IMD की नई चेतावनी

Advertisement
Featured Video Of The Day
स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 जीतने वाले श्रेय पारिख ने NDTV से की Exclusive बात