बिहार: स्कूल में लोहे की ग्रिल गिरने से 8 वीं के मासूम छात्र की मौत, ग्रामीणों ने हेडमास्टर को बनाया बंधक

बेगूसराय के जहानपुर स्थित स्कूल में ग्रिल गिरने से आठवीं के छात्र की मौत हो गई. इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में तोड़फोड़ की और प्रधानाध्यापक को बंधक बना लिया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बेगूसराय के जहानपुर स्थित स्कूल में ग्रिल गिरने से आठवीं के छात्र की मौत हो गई.

Bihar Accident News: बिहार के बेगूसराय जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां स्कूल प्रशासन की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली. बछवाड़ा थाना क्षेत्र के अरवा पंचायत में बने उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहानपुर में आठवीं कक्षा के एक छात्र पर स्कूल का भारी-भरकम ग्रिल गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

जानें कैसे हुआ यह भीषण हादसा

मृत छात्र की पहचान 14 वर्षीय मुन्ना कुमार के रूप में हुई है, जो अरवा पंचायत के वार्ड संख्या 3 निवासी फूलों यादव का पुत्र था. बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान अचानक लोहे का ग्रिल मासूम मुन्ना पर गिर गया. ग्रिल इतना भारी था कि छात्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी जान चली गई. इस खबर के फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बनाया बंधक

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आक्रोशित लोगों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक और निर्माण कार्य में लगे कर्मियों को बंधक बना लिया. लोगों का आरोप है कि घटिया निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है. गुस्से में ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

पुलिस बल हुआ तैनात

हालात बिगड़ते देख बछवाड़ा पुलिस के साथ-साथ मंसूरचक और भगवानपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत करने की काफी कोशिश की, लेकिन लोग दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- ACB के शिकंजे में फंसा कृषि विभाग का 'Joint Director', बारां में चल रहा था रिश्वत का बड़ा खेल

Featured Video Of The Day
Prateek Yadav Death: मुलायम के छोटे बेटे प्रतीक यादव के वो आखिरी 2 घंटे! | Akhilesh Yadav | Kachehri