Bihar Weather Update: बिहार में मई की झुलसाने वाली गर्मी के बीच शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया. जहां इस बदलाव ने लोगों को उमस और लू से राहत दी, वहीं राजधानी पटना में तेज हवाओं और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई. तूफान का असर इतना जोरदार था कि मुख्यमंत्री आवास से लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आवास तक दर्जनों विशाल पेड़ उखड़ गए. वही आंधी-तूफान और पेड़ गिरने की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए.
तेजस्वी यादव बाल-बाल बचे, राजद कार्यालय में अफरातफरी
तूफान के दौरान सबसे भयावह स्थिति राजद कार्यालय परिसर में देखी गई. पटना में राजद कार्यालय परिसर के अंदर भी एक बड़ा पेड़ गिर गया. घटना के समय विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव अपने ऑफिस में मौजूद थे. पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर वह तुरंत अपनी बेटी के साथ मीटिंग रूम की ओर भागे और बाल-बाल बच गए.
वीवीआईपी इलाकों में कुदरत का 'कहर'
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आधिकारिक आवास के ठीक बाहर एक विशाल पेड़ गिरने से रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया. वहीं, लालू प्रसाद यादव के आवास के पास भी कई पेड़ गिरने की खबर है. पास में तैनात सुरक्षाकर्मी इस हादसे में सुरक्षित रहे, लेकिन कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं. बेली रोड और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया.
वज्रपात की घटनाओं में गई 7 की जान
तेतरियां में सबसे ज्यादा बारिश, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग (IMD पटना) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 59.2 मिमी बारिश पूर्वी चंपारण के तेतरियां में दर्ज की गई है. विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2-3 घंटों में कटिहार, मधेपुरा और पूर्णिया सहित कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना, गया, भागलपुर और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए लोगों को वज्रपात (ठनका) से बचने के लिए पक्के मकानों में रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: Bihar Weather: बिहार में अगले 7 दिन मौसम बरपाएगा कहर, कहीं पड़ेगी भीषण गर्मी तो कहीं आंधी-तूफान का अलर्ट
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)













