Bihar News: देश में रील्स बनाने का चस्का इस कदर 'जानलेवा' होता जा रहा है कि अब हंसते-खेलते परिवार उजड़ने लगे हैं. मनोरंजन का यह साधन अब रिश्तों में दरार और मौतों की वजह बन रहा है. ताजा मामला बिहार के बेगूसराय से सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील्स बनाने वाली एक विवाहिता की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस खौफनाक वारदात के बाद बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सूरो गांव में हड़कंप मच गया है. एक तरफ जहां ससुराल वाले इसे रील्स बनाने के विवाद में की गई 'आत्महत्या' बता रहे हैं, वहीं मायके वालों ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए इसे 'दहेज के लिए हत्या' करार दिया है.
6 साल पहले हुई थी शादी, पति रहता है परदेस
जानकारी के मुताबिक, खम्हार गांव की रहने वाली रीमा की शादी 6 साल पहले सूरो मुरली टोल निवासी राहुल तांती से हुई थी. दोनों का एक 3 साल का बेटा भी है. राहुल कमाने के लिए परदेस (दूसरे राज्य) में रहता था, जबकि रीमा घर पर अपने सास-ससुर के साथ रहती थी.
पति के नाम से फेसबुक आईडी, रील्स का था क्रेज
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों के मुताबिक, रीमा को सोशल मीडिया का तगड़ा चस्का था. वह अपने पति राहुल कुमार के नाम से फेसबुक अकाउंट चलाती थी और उस पर जमकर रील्स बनाकर पोस्ट किया करती थी. रील्स बनाने को लेकर ही घर में अक्सर सास-ससुर और देवर से उसकी कहासुनी और टोक-टाक होती थी, लेकिन रीमा पर इसका कोई असर नहीं होता था.
'सीढ़ी से गिरी' या 'फंदे से लटकी'? बयानों में झोल!
मंगलवार की देर शाम पति राहुल ने अपने साले (रीमा के भाई) को फोन कर बताया कि रीमा सीढ़ी से गिर गई है. लेकिन इसके कुछ ही देर बाद मायके वालों को सूचना दी गई कि रीमा की मौत हो गई है. हड़बड़ाहट में मायके वाले जब बछवाड़ा पुलिस को लेकर सूरो गांव पहुंचे, तो वहां रीमा की लाश पड़ी थी.
'सबने मिलकर बुलेट के लिए हमारी ननद को मार डाला!'
मृतका की भाभी राखी देवी ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, 'हमने शादी में अपनी हैसियत के हिसाब से खूब दान-दहेज दिया था, स्प्लेंडर बाइक भी दी थी. लेकिन पति राहुल, सास, ससुर और देवर लगातार बुलेट गाड़ी की मांग कर रहे थे. रीमा को अक्सर बेरहमी से पीटा जाता था. कल शाम पहले फोन आया कि सीढ़ी से गिर गई है, फिर कहा कि फांसी लगा ली. जब हम पहुंचे तो रीमा के शरीर और पेट पर मारपीट के गहरे निशान थे. इन लोगों ने पहले उसे बुरी तरह पीटा और फिर गला दबाकर हत्या कर दी, अब इसे आत्महत्या का रूप दे रहे हैं.'
क्या कहती है पुलिस?
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है. डीएसपी निखिल कुमार ने कहा, 'बछवाड़ा थाना पुलिस को एक महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ससुराल पक्ष और स्थानीय लोग रील्स बनाने के विवाद में आत्महत्या की बात कह रहे हैं, जबकि मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस हर एक बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.'
ये भी पढ़ें:- डॉक्टर बना, घर आया और फांसी लगा ली, इनकम टैक्स अफसर के बेटे ने क्यों दे दी जान? बिलखते रहे मां-बाप














