- बिहार के बेगूसराय जिले में सुनीता देवी ने अपने पहले पति और उसके छोटे भाई की संपत्ति के लिए हत्या करवा दी.
- सुनीता ने पहले पति भूषण सिंह से शादी की फिर उसके छोटे भाई राजू सिंह से कोर्ट मैरिज कर ली.
- सुनीता ने राजू सिंह को अपनी मंशा के लिए इस्तेमाल करते हुए करोड़ों की जमीन बेचकर संपत्ति जुटाई.
संपत्ति की भूख में एक महिला इस कदर अंधी हो गई कि उसने न सिर्फ अपने पति बल्कि प्रेमी से पति बने पति के सगे भाई को भी मौत के घाट उतारने में संकोच नहीं किया. हत्या की इस सनसनीखेज वारदात ने लोगों को सकते में डाल दिया है. इस मामले में दो पतियों की हत्यारिन महिला जहां पुलिस की पकड़ से दूर है, वहीं पुलिस ने हत्या के इस मामले में शामिल दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने वाली यह घटना बिहार के बेगूसराय जिले से सामने आई है. जहां संपत्ति के लिए एक महिला ने बारी-बारी से दो भाईयों से शादी की और फिर दोनों को मौत के घाट उतार दिया.
पहले प्यार, फिर अंतरजातीय शादी
दरअसल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले भूषण सिंह की नजरें पूर्णिया की रहने वाली सुनीता देवी से चार हुई. भूषण सिंह जहां राजपूत जाति से आते थे वहीं सुनीता पोद्दार जाति से. दोनों ने परिवार के रजामंदी से 2010 मे धूमधाम से शादी की. शादी के बाद लोगों को यह लगा कि उनकी बहु सुनीता बहुत ही सुशील महिला है. पर लोगों को नहीं पता था कि सुनीता के अंतरजातीय विवाह के पीछे उसका मकसद कुछ और है.
पति के करोड़ों की संपत्ति पर थी नजर
दरअसल भूषण सिंह और उसके परिवार के पास अथाह संपत्ति थी, जिसमें करोड़ों की जमीन भी शामिल है. प्रेम विवाह के बाद से ही एक साजिश के तहत सुनीता ने पति भूषण के छोटे भाई राजू सिंह को अपने प्रेम जाल में फंसाया. जिसकी भनक किसी को नहीं लगी. अपने मकसद में कामयाब होने के बाद सुनीता ठीक एक महीने बाद ससुराल से मायके आ गईं.
पति के छोटे भाई को भी प्रेम जाल में भी फंसाया
जिसके बाद वो ससुराल जाने से इंकार कर देती है. सुनीता के इस हरकत के बाद भूषण और उसके परिवार के लोग परेशान हो जाते है और तरह तरह का जुगाड़ लगाते है पर उनकी सारी कोशिश बेकार हो जाती है. ऐसे में सुनीता अपने चाल में तब कामयाब हो जाती है, जब भूषण का छोटा भाई राजू सुनीता को ससुराल लाने की बात कहकर घर से निकलता है.
देवर से चुपचाप किया कौट मैरिज
इसी मौके का फायदा उठाकर दोनों चुपचाप पूर्णिमा कोर्ट में शादी कर लेते हैं. जिसके बाद सुनीता राजू सिंह के साथ फिर अपने ससुराल कैथमा पहुंचती है और वहाँ रहने लगती है. कुछ समय बाद ही सुनीता देवी और राजू सिंह के शादी का रहस्य खुल जाता है. जिसके बाद परिवार के लोगों ने राजू सिंह और सुनीता देवी को घर से निकाल दिया.
भेद खुलने पर किराए के मकान में रहने लगे
इसके बाद दोनों बेगूसराय के बिष्णुपुर मोहल्ला में किराये के मकान मे रहने लगे. ससुराल से अलग होकर सुनीता देवी अब अपने मकसद को अंजाम देना शुरू किया. इस दौरान सुनीता ने राजू सिंह को सामने कर बेशकीमती जमीन को बेचना शुरू किया. लगभग दस साल के दौरान सुनीता ने जमीन बेचकर अच्छी खासी रकम जमा किया.
पति के जमीन बेच-बेच कर बनाई संपत्ति
इसके बाद भी जब सुनीता का मन नहीं भरा तो सुनीता ने राजू सिंह को आगे कर ससुराल में घर बनाकर रहने लगी. और कीमती जमीन का सौदा करने लगी. इस बीच दोनों से बच्चा भी पैदा हुआ. बाद में जब राजू सिंह ने कीमती जमीन को बेचने से इंकार कर दिया तो सुनीता देवी ने साजिश रच कर उसकी हत्या करवा दी. उसके बाद पहले पति और बाद के पति पर राज करने की कोशिश नाकाम होने पर पहले पति की हत्या को अंजाम दिलवाया.
सदर डीएसपी ने बताया- कैसे खुला राज
सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि परसों की घटना है. भूषण सिंह जो कैथमा गांव के निवासी हैं जो खत में घास काट रहे थे तभी अपराधियों के द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई. पुलिस के द्वारा मामले की जांच पड़ताल करने जाने लगी. मृतक के भाई के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है जिसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं.
मृतक 5 भाई थे, चौथे और पांचवें की करवाई हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक कुल पांच भाई थे, जिनमें मृतक चौथे नंबर पर था. उनकी शादी के कुछ ही महीने बाद उनकी पत्नी सुनीता देवी उन्हें त्याग कर उनके छोटे भाई राजू सिंह के साथ शादी कर ली. पांचवें नंबर के भाई की हत्या रहस्यमय तरीके से सितंबर 2024 में कर दी गई थी. मृतक के पांचवें भाई की हत्या में सुनीता देवी का नाम सामने आया था. लेकिन परसो जो भूषण सिंह की हत्या हुई उसमें सुनीता देवी का नाम स्पष्ट रूप से सामने आ गया.
कातिल पत्नी फरार, दो शूटर गिरफ्तार
जिसमें संपत्ति के लिए साजिश रच कर अपने पहले पति की भी हत्या की इससे साफ स्पष्ट हो जाता है कि मृतक के दोनों भाई की हत्या उनकी पत्नी ने संपत्ति के लिए करवाया है. इस मामले में जहां पत्नी सुनीता देवी फरार है, वही पुलिस ने दो शूटर को गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें - पत्नी की हत्या पर सबसे ज्यादा रो रहा था पति, पुलिस को हुआ शक तो सामने आई इंस्टाग्राम वाले अफेयर की खौफनाक कहानी













