नीतीश कुमार की तरह क्या दिल्ली जाने का मन रखते हैं अनंत सिंह? खुद ही दे दिया जवाब

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और उनके बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री पर अनंत सिंह ने खुलकर अपनी राय रखी है. जानें 'छोटे सरकार' ने क्यों की निशांत को CM बनाने की मांग.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के दिल्ली जाने पर प्रतिक्रिया दी है.
NDTV Reporter

Patna News: जेल से बाहर आते ही जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं. एक तरफ जहां वे अपने रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) और उनके बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar) को लेकर दिए गए उनके बयानों ने सियासी पारा बढ़ा दिया है.

नीतीश के दिल्ली जाने पर- 'दिल्ली क्या विदेश है?'

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होने की चर्चाओं पर अनंत सिंह ने सवालिया लहजे में जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'दिल्ली क्या कोई विदेश है? आज के समय में आदमी दिन भर में चार बार दिल्ली अप-डाउन कर सकता है. एक घंटा जाने में लगता है और एक घंटा आने में. दिल्ली कोई दूर नहीं है.' उन्होंने आगे जोड़ा कि नीतीश जो भी फैसला लेंगे, उससे जनता का ही फायदा होगा.

निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग का समर्थन

सबसे चौंकाने वाला बयान अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर दिया. जब उनसे निशांत की राजनीति में एंट्री और उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की उठ रही मांगों पर सवाल किया गया, तो अनंत सिंह ने खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा, 'निशांत कुमार का राजनीति में आना बहुत जरूरी था.' उन्होंने निशांत को सीएम बनाने की मांग का भी पुरजोर समर्थन किया.

'दिल्ली तो हम जाते ही रहते हैं'

जब पत्रकारों ने चुटकी लेते हुए पूछा कि क्या नीतीश कुमार की तरह उनकी भी दिल्ली जाने (संसद जाने) की इच्छा है, तो अनंत सिंह ने हंसते हुए कहा, 'दिल्ली तो हम अक्सर जाते ही रहते हैं, इसमें क्या बड़ी बात है.'

Advertisement

अनंत सिंह के बयान के सियासी मायने समझें

अनंत सिंह का यह बयान ऐसे समय में आया है जब वे खुद चुनाव न लड़कर अपने बेटे अभिषेक सिंह को आगे करने की बात कह चुके हैं. नीतीश कुमार के बेटे निशांत का समर्थन कर अनंत सिंह ने एक तरह से बिहार की राजनीति में अगली पीढ़ी की एंट्री का रास्ता साफ करने का संकेत दिया है.

ये भी पढ़ें:- अनंत सिंह का बड़ा ऐलान, 'अब मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा', बेटे अभिषेक की सियासी एंट्री पर दिया बड़ा अपडेट

Advertisement
Featured Video Of The Day
US Attack Iraq | पश्चिमी इराक में America का बड़ा हमला, PMF के ठिनाकों पर अटैक, हमले में 6 की मौत