बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है. नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक इलाके से एक ही रात में 5 बच्चियां रहस्यमय तरीके से गायब हो गई हैं. परिजनों के मुताबिक, यह सभी बच्चियां बुधवार देर रात से ही अपने-अपने घरों से गायब हैं. परिजनों को गुरुवार सुबह उस वक्त चला, जब उन्होंने बच्चियों को घर में नहीं पाया.
बच्चियों का कोई सुराग नहीं
बच्चियां अचानक कैसे और किन परिस्थितियों में गायब हुईं, इस बारे में फिलहाल किसी को कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लापता सभी लड़कियां नाबालिग हैं, उनकी उम्र 15 से 16 साल के बीच है. घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस बच्चियों की तलाश में मार रही छापा
लापता बच्चियों के परिजनों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से रोते-बिलखते हुए अपनी बेटियों की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है, और बच्चियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. स्थानीय लोग भी बच्चियों का पता लगाने में परिजनों की मदद कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है.
एसएसपी ने जांच टीम गठित की
एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि लापता लड़कियों को खोजने के लिए जांच टीम का गठन कर दिया गया है, जिसमें नाथनगर थाना, मधुसुदनपुर थाना और ललमटिया थाना की पुलिस टीम शामिल है. पुलिस प्रशासन पूरे मामले को लेकर गंभीर है. साथ ही गठित टीम गायब हुई लड़कियों का पता लगाने में जुटी हुई है. जल्द ही लड़कियों को बरामद कर लिया जाएगा. इस मामले में जो भी आरोपी हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें: इंसान तो क्या गाड़ियां भी पिघल जाएं! दुनिया की वो जगहें जहां पड़ती है नरक जैसी गर्मी














