दिवाली का त्योहार सिर्फ दीयों की रोशनी, मिठाइयों या पार्टियों का नहीं बल्कि दिलों को जोड़ने, घर-आंगन सजाने और रिश्तों में नई चमक भरने का भी त्योहार है. प्यार से जुड़ी इन्हीं भावनाओं और अपनेपन को समेटे हुए भोजपुरी सिनेमा का एक खास गाना है. इस गाने का नाम है "दियारी जरावल जाओ". यह गाना फिल्म शहीद की वीरांगना से लिया गया है और 5 नवंबर 2026 को इसे दिवाली स्पेशल वीडियो सॉन्ग के तौर पर रिलीज किया गया है.
दिवाली के इस खास गाने की कहानी और भाव
गाना शुरू होता है एक निमंत्रण से "सुनो, कहां रहत बानी हमरा साथ… चलो मिल के मनाईं, चलो संग-संग जाएं". यह सिर्फ दीए जलाने के लिए पुकारा नहीं जा रहा बल्कि साथ चलने, साथ रहने और जीवन के हर कोने को सजा देने का मैसेज है. गाने में दीपावली को सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि जीवन में खुशी की रोशनी लाने का प्रतीक बनाया गया है. गानें की लाइनें "मेरे जीवन में खुशी की रोशनी जला दो…तुम्हारे लिए मेरा प्यार कभी कम न हो" बताती हैं कि दीए की लौ की तरह प्यार और जिंदगी भी रोशनी से भरी होनी चाहिए.
घर के हर कोने को सजाने, साथ मिलकर त्योहार मनाने और रिश्तों को मजबूत करने की बात गाने में बार-बार आती है. एक जगह भाभी-देवर जैसे रिश्तों का भी हल्का-फुल्का जिक्र है, जो भोजपुरी संस्कृति की सादगी और आपसी प्यार को दिखाता है. कुल मिलाकर यह गाना कहता है कि दीपावली अकेले नहीं मनाई जाती. रोशनी तब पूरी होती है जब परिवार, प्यार और खुशियां साथ हों. अंधेरा दूर करने का सबसे अच्छा तरीका है एक-दूसरे के साथ दीए जलाना.
दिल छू लेने वाला दिवाली का यह गाना भोजपुरी फिल्म शहीद की वीरांगना का है. इस फिल्म में अंजना सिंह, राकेश बाबू, श्रद्धा नवल, रजनीश झांजी, प्रकाश जैस, श्वेता वर्मा, प्रिया दीक्षित, संजीव मिश्रा, काजल निषाद जैसे कलाकार हैं. फिल्म के डायरेक्टर प्रवीण कुमार गुडूरी हैं. गाने को दीवाली के मौके पर खासतौर से रिलीज किया गया है, जिससे त्योहार की खुशी और फिल्म दोनों को बढ़ावा मिले.
यह भी पढ़ें: मंदिर में शूटिंग के लिए बदला मुस्लिम एक्ट्रेस का नाम, सबीहा से बन गई रानी, फिल्म ब्लॉकबस्टर, एक्ट्रेस सुपरस्टार
इस गीत को प्रियंका सिंह ने आवाज दी तो जो कि हीरोइन के भावों को बहुत ही सहजता से पेश करती है. उनका साथ दिया विकास सोनकर ने. दोनों की जुगलबंदी गाने को सुनने में सहज और सुरीला बनाती है. ओम झा का म्यूजिक पारंपरिक भोजपुरी ताल और आधुनिक अरेंजमेंट का अच्छा मिक्स है जो दीवाली के माहौल से पूरी तरह मेल खाता है. अरबिंद तिवारी के सरल बोल सीधे और दिल को छूने वाले हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं