भारत के इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बाजार में सितंबर 2026 के महीने में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला है. देश की सबसे पसंदीदा माइक्रो-SUV Tata Punch EV टोटल 4,702 यूनिट्स की बंपर बिक्री के साथ देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार रही है. लेकिन इस बार नंबर वन के सिंहासन के लिए मुकाबला बेहद कड़ा रहा, क्योंकि दूसरे स्थान पर मौजूद Mahindra XEV 9S (Mahindra XEV 9S) केवल 66 यूनिट्स के मामूली अंतर से पीछे रह गई.
Mahindra ने सितंबर के दौरान अपनी इस नई इलेक्ट्रिक SUV की कुल 4,636 यूनिट्स डीलरशिप्स पर भेजीं, जो ये साफ दिखाता है कि दोनों गाड़ियों की कीमतों और साइज में जमीन-आसमान का अंतर होने के बावजूद भारतीय ग्राहकों के बीच दोनों को लेकर जबरदस्त क्रेज है.
बिक्री में दर्ज की गई 284% की बढ़त
Tata Punch EV ने पिछले एक साल के दौरान बिक्री के मामले में एक बहुत लंबी छलांग लगाई है. सितंबर 2025 में बेची गई मात्र 1,223 यूनिट्स के मुकाबले Punch EV की बिक्री में पूरे 284 प्रतिशत की शानदार सालाना बढ़त दर्ज की गई है. साथ ही सितंबर के महीने में भारत में बेचे गए टोटल 35,256 इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल में अकेले Tata Punch EV की बाजार हिस्सेदारी लगभग 13.3 प्रतिशत रही है. वहीं, काफी महंगे सेगमेंट में होने के बावजूद Mahindra की नई XEV 9S ने भी पूरे 13.1 प्रतिशत की हिस्सेदारी अपने नाम की है.
यह भी पढ़ें | 18.6 KM का माइलेज, कीमत 10 लाख से भी कम, आ गई Hyundai Creta की छोटी बहन Bayon
10 लाख रुपये की बजट कार Vs 21 लाख रुपये की SUV
Tata Punch EV बजट फ्रेंडली कार है. Tata की ये कॉम्पैक्ट 5-सीटर कार भारतीय बाजार में 9.69 लाख से 12.59 लाख की एक्स-शोरूम कीमत पर आती है. इसमें ग्राहकों को 30kWh और 40kWh के दो बैटरी पैक ऑप्शन मिलते हैं. छोटी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 365 से 375 किलोमीटर की रेंज देती है, जबकि बड़ी बैटरी के साथ 468 किलोमीटर की ARAI सर्टिफाइड रेंज मिलती है. हालांकि, Tata के नए C75 टेस्टिंग नियमों के अनुसार, बड़ी बैटरी के साथ असल जिंदगी में लगभग 335 से 355 किलोमीटर की रियल रेंज आसानी से मिल जाती है. BaaS के साथ आप इस कार को 6.59 लाख रुपये में खरीद सकते हैं. इसके साथ प्रति किलोमीटर रनिंग कॉस्ट 2.6 रुपये पड़ेगी.
Mahindra XEV 9S 7-सीटर SUV है. ये बड़ी फैमली के लिए परफैक्ट EV है. ये SUV 20.65 लाख की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है. हालांकि, टॉप मॉडल्स की कीमत 30 लाख से भी ऊपर जाती है. इसमें 59kWh की बड़ी शुरुआती बैटरी के साथ 7 सीटें मिलती हैं. इसके अलावा इसमें 70kWh और 79kWh के बैटरी पैक्स भी उपलब्ध हैं. ये कार केबिन के अंदर बड़ा स्पेस, परफॉर्मेंस और लंबी दूरी की यात्राओं के लिए आराम के साथ आती है. कंपनी 679 KM तक का रेंज देने का दावा करती है.
जाहिर है कि इन दोनों कारों का ग्राहक वर्ग बिल्कुल अलग है, और कोई भी खरीदार केवल बजट के आधार पर इन दोनों के बीच तुलना नहीं करेगा. इसके बावजूद सितंबर के महीने में इन दोनों के बिक्री के आंकड़े लगभग बराबर रहना भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए एक बहुत बड़ा संकेत है.
यह भी पढ़ें | E100 Petrol: अब 100% इथेनॉल से दौड़ेंगी गाड़ियां, सरकार ने बदला नियम, जानें हर सवाल के जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं