Land Rover ने भारत में अपनी नई लग्जरी SUV Range Rover SV Ultra लॉन्च कर दी है. ये अब Range Rover लाइनअप का सबसे प्रीमियम और फ्लैगशिप मॉडल बन गया है. नई SUV में एक्सक्लूसिव डिजाइन, लग्जरी केबिन, दमदार V8 इंजन और कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं. आइए बिना किसी देरी के आपको इस SUV की खासियत और कीमत बताते हैं.
डिजाइन में दिखे कई एक्सक्लूसिव बदलाव
Range Rover SV Ultra को एक्सक्लूसिव Titan Silver पेंट स्कीम में पेश किया गया है. इसके अलावा Satin Platinum और Silver Chrome फिनिश के साथ नई ग्रिल, Range Rover बैजिंग, व्हील इंसर्ट और स्किड प्लेट्स इसे अलग पहचान देते हैं. SUV में स्टैंडर्ड तौर पर 22 इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर खास 'Inverted R' लोगो लगाया गया है. ग्राहक चाहें तो 23 इंच के बड़े व्हील्स का विकल्प भी चुन सकते हैं.
लग्जरी केबिन और 21 स्पीकर वाला साउंड सिस्टम
नई SV Ultra के केबिन में Orchid White और Cinder Grey थीम दी गई है. इसके साथ Rattan Palm Wood Veneer और Gloss White Ceramic फिनिश इंटीरियर को और प्रीमियम बनाते हैं. इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका नया 21-स्पीकर इलेक्ट्रोस्टैटिक साउंड सिस्टम है. स्पीकर हेडरेस्ट, सीटबैक और रूफ लाइनर में लगाए गए हैं. यह सिस्टम Body and Soul Seat और Sensory Floor Haptic सिस्टम के साथ मिलकर ऑडियो और वाइब्रेशन का शानदार अनुभव देता है.
फीचर्स की लंबी लिस्ट
Range Rover SV Ultra में 13.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 13.7 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए 13.1 इंच की रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन दी गई है. इसके अलावा SUV में हीटेड स्टीयरिंग व्हील, पावर्ड रियर सनब्लाइंड, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हेड-अप डिस्प्ले, एम्बिएंट लाइटिंग, 360 डिग्री कैमरा और एयर प्यूरीफायर जैसे फीचर्स मिलते हैं. सभी सीटें इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, हीटिंग, वेंटिलेशन, मसाज और मेमोरी फंक्शन के साथ आती हैं.
4.4 लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन
नई Range Rover SV Ultra में 4.4 लीटर ट्विन-टर्बो पेट्रोल V8 इंजन दिया गया है, जो 540hp की पावर जनरेट करता है. इसके साथ माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम, 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है. कंपनी के मुताबिक यह SUV सिर्फ 4.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 261 किमी/घंटा है. SUV में Adaptive Suspension, All-Wheel Steering और कई Drive व Terrain Modes भी दिए गए हैं, जिससे यह लग्जरी के साथ शानदार परफॉर्मेंस भी देती है.
कीमत की बात करें तो इसकी भारत में एक्स-शोरूम कीमत 3.8 करोड़ रुपये से शुरू होती है. यानी लग्जरी कार सेगमेंट में गाड़ी खरीदने वालों के लिए ही इसे लॉन्च किया गया है. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले में भी इसी कंपनी की कार Range Rover Sentinel शामिल है.
ये भी पढ़ें: पैनोरोमिक सनरूफ और 540° कैमरा.. आ गई नई Mahindra Scorpio N, दिखेंगे ये बदलाव, जानें कीमत