Mahindra ने XEV 9S का नया 6-सीटर वैरिएंट पेश किया है. इसमें दूसरे रो की नॉर्मल बेंच सीट की जगह अलग-अलग कैप्टन सीट दी गई हैं. कंपनी का कहना है कि इससे केबिन ज्यादा प्रीमियम और आरामदायक हो जाता है. नया सीटिंग विकल्प Pack Two Above, Pack Three और Pack Three Above वैरिएंट में उपलब्ध है. नई सीटिंग व्यवस्था के अलावा XEV 9S के फीचर्स, बैटरी विकल्प और मोटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
6-सीटर XEV 9S की कीमत
Mahindra XEV 9S के 6-सीटर वर्जन की कीमत संबंधित 7-सीटर वैरिएंट से 25,000 रुपये ज्यादा रखी गई है. इसकी कीमत 25.25 लाख रुपये से 30.15 लाख रुपये तक है. ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं. नई व्यवस्था में दूसरी रो में दो अलग-अलग कैप्टन सीट मिलती हैं. इन सीटों के साथ अलग आर्मरेस्ट दिए गए हैं. बीच में वॉक-थ्रू जगह भी है, जिससे तीसरी रो तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो जाता है.
इस तरह XEV 9S में अब 2+2+2 सीटिंग व्यवस्था मिलती है. यह खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश की गई है, जो दूसरी रो में ज्यादा आराम और प्राइवेट स्पेस चाहते हैं.
Mahindra XEV 9S की बैटरी और रेंज
XEV 9S को Mahindra के INGLO इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसमें दो बैटरी विकल्प मिलते हैं. 59 kWh बैटरी वाले मॉडल में 228 bhp की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 380 Nm का टॉर्क पैदा करती है. इसकी दावा की गई रेंज 521 किलोमीटर है. दूसरे विकल्प में 79 kWh की बैटरी मिलती है. यह 281 bhp की ताकत और 380 Nm का टॉर्क देती है. इस मॉडल की दावा की गई रेंज 679 किलोमीटर तक है. 6-सीटर विकल्प में बैटरी और मोटर से जुड़ा कोई बदलाव नहीं किया गया है.
XEV 9S में मिलेंगे ये फीचर्स
नई कैप्टन सीट के बावजूद XEV 9S के फीचर्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इलेक्ट्रिक SUV में तीन 12.3 इंच की स्क्रीन दी गई हैं. इसके अलावा VisionX ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले, Level 2+ ADAS और 16-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं.
ऊंचे वेरिएंट में आगे और पीछे की सीटों में वेंटिलेशन के साथ पैनोरमिक सनरूफ भी दिया गया है. केबिन में पीछे की तरफ AC वेंट और 65W USB चार्जिंग पोर्ट भी दिए गए हैं. कैप्टन सीट वाला नया विकल्प इन सुविधाओं में कोई बदलाव नहीं करता है.
भारत के EV बाजार में Mahindra की पकड़ मजबूत
2026 की पहली छमाही में Mahindra भारत की शीर्ष तीन EV कंपनियों में सबसे तेजी से बढ़ने वाली कंपनी रही. जनवरी से जून 2026 के दौरान कंपनी की EV बिक्री 147 प्रतिशत बढ़कर 34,131 यूनिट हो गई. इसी अवधि में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 17 प्रतिशत से बढ़कर 23 प्रतिशत हो गई. Mahindra ने मार्च में JSW MG Motor को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल किया था और 2026 की पहली छमाही तक इस स्थान पर बनी रही. कंपनी की इलेक्ट्रिक SUV रेंज की मजबूत मांग को इस बढ़त की बड़ी वजह माना गया है.
ये भी पढ़ें- 26.11 KM का माइलेज, कीमत 6.48 लाख रुपये से शुरू, 7 सीटर वाली बेस्ट फैमली कार