Mahindra Truck and Bus ने हेवी कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में Blazo i-TRK पेश किया है. कंपनी इसे सिर्फ एक ट्रक नहीं, बल्कि कारोबार की कमाई बढ़ाने वाले पूरे समाधान के तौर पर पेश कर रही है. Mahindra ने इसे “Profit Ka Rocket” नाम दिया है. कंपनी का दावा है कि Blazo i-TRK से एक ट्रक पर 5 साल में 15 लाख रुपये तक का अतिरिक्त मुनाफा हो सकता है. इसके अलावा कंपनी ने 48 घंटे की Uptime Guarantee भी दी है. अगर खराबी आने के बाद ट्रक 48 घंटे के भीतर ठीक नहीं होता है, तो Mahindra के मुताबिक मालिक को हर दिन 10,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा.
AI से तय होगा ट्रक का ड्राइविंग मोड
Blazo i-TRK की सबसे बड़ी खासियत इसका iFuelSmart सिस्टम है. Mahindra के मुताबिक, यह HCV सेगमेंट में भारत का पहला AI आधारित Automatic Drive Mode है. ये सिस्टम सड़क की चढ़ाई और ट्रक पर मौजूद वजन को लगातार समझता है. इसके आधार पर यह अपने आप सबसे बेहतर ड्राइविंग मोड चुनता है. इसका मकसद ड्राइवर की तरफ से होने वाली गलतियों को कम करना और लगातार बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी हासिल करना है. कंपनी का दावा है कि इस सिस्टम की मदद से ट्रक के फ्यूल खर्च को कम किया जा सकता है.
320 HP इंजन और 10% बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी
Mahindra ने Blazo i-TRK की पूरी रेंज में अपना अगली पीढ़ी का 320 HP mPOWER इंजन स्टैंडर्ड रखा है. इंजन में TurboMAXX टर्बोचार्जर और OptiFuel एयर कंप्रेसर दिया गया है. कंपनी के अनुसार, ये तकनीक दहन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और इंजन में होने वाले अनावश्यक पावर लॉस को कम करने में मदद करती हैं. Mahindra का दावा है कि इन बदलावों से कुल फ्यूल एफिशिएंसी में 10% तक सुधार हुआ है. यानी ट्रक से ज्यादा काम लेने के साथ डीजल पर होने वाला खर्च कम रखने की कोशिश की गई है.
ड्राइवर के आराम पर भी फोकस
लंबी दूरी के सफर में ड्राइवर के आराम को ध्यान में रखते हुए Blazo i-TRK के केबिन में कई बदलाव किए गए हैं. इसमें प्रीमियम AC और COMFiMAXX सस्पेंडेड सीट दी गई है. कंपनी के मुताबिक, यह सीट लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान थकान कम करने में मदद करती है.
इसके अलावा हाईवे पर आराम से ड्राइविंग के लिए EzyCruise फीचर भी दिया गया है.
iMAXX 2.0 से ट्रक पर मालिक की नजर
फ्लीट मालिकों के लिए Blazo i-TRK में iMAXX 2.0 टेलीमैटिक्स प्लेटफॉर्म दिया गया है. इसे नए Now24x7 ऐप से जोड़ा गया है. इसके जरिए मालिक ट्रक की रियल टाइम ट्रैकिंग, प्रेडिक्टिव डायग्नोस्टिक्स और सुरक्षा से जुड़े फीचर्स को देख सकते हैं. इसमें Remote AC Management भी दिया गया है. इसकी मदद से मालिक ट्रक के बेवजह खड़े रहने के दौरान AC के इस्तेमाल को नियंत्रित कर सकते हैं, जिससे ईंधन की बर्बादी कम करने में मदद मिल सकती है.
चोरी रोकने के लिए Remote Vehicle Crank Inhibit
Blazo i-TRK में Remote Vehicle Crank Inhibit फीचर भी दिया गया है. इस फीचर के जरिए फ्लीट मालिक जरूरत पड़ने पर ट्रक को स्टार्ट होने से रोक सकते हैं. इसका इस्तेमाल चोरी या ट्रक के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए किया जा सकता है. इस तरह Mahindra ने ट्रक के परफॉर्मेंस के साथ फ्लीट मैनेजमेंट और सुरक्षा को भी पैकेज का हिस्सा बनाया है.
Blazo i-TRK का फोकस मुनाफे पर
Mahindra Blazo i-TRK को ऐसे समय में लेकर आई है जब कमर्शियल व्हीकल मालिकों के लिए फ्यूल खर्च, ट्रक का ज्यादा से ज्यादा सड़क पर रहना और मेंटेनेंस लागत सीधे कमाई को प्रभावित करते हैं. AI आधारित ड्राइविंग मोड, 320 HP इंजन, बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी, रियल टाइम ट्रैकिंग और 48 घंटे की Uptime Guarantee को मिलाकर कंपनी का लक्ष्य फ्लीट मालिकों की कुल ऑपरेटिंग लागत कम करना है.
ये भी पढ़ें: E20 विवाद के बीच ग्राहकों का भरोसा बरकरार, जुलाई में जमकर हुई कार-बाइक की बिक्री, टूटे कई रिकॉर्ड