Hyundai Motor India ने भारतीय बाजार में आने वाली अपनी नई SUV के नाम को कन्फर्म कर दिया है. कंपनी इसको Hyundai Bayon के नाम से लॉन्च करेगी. हालांकि, इसकी दूसरी जानकारी आने वाले हफ्तों में धीरे-धीरे सामने आएंगी. कंपनी ने कहा है कि नई ग्लोबल SUV हुंडई की आधुनिक डिजाइन फिलॉसफी और टेक्नोलॉजी-फोकस्ड अप्रोच का एक बेहतरीन नमूना होगी.
आपको बता दें कि इस महीने की शुरुआत में Hyundai Motor India के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा था कि कंपनी का टारगेट अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी को बढ़ाना है. इसके साथ एक नई इलेक्ट्रिक कार (EV) समेत दो नई SUVs को लॉन्च करने भी कंपनी की प्लानिंग है. कंपनी इसके जरिए घरेलू पैसेंजर वाहन बाजार में फिर से दूसरा स्थान हासिल करना चाह रही है. Hyundai Motor India को उम्मीद है कि नए मॉडल के आने के बाद, बाजार में पहले से मौजूद Creta EV और IONIQ 5 के साथ मिलकर अगले साल तक इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 7 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी.
Hyundai Bayon को लेकर कई जानकारियां आईं सामने
Hyundai की ये नई Bayon SUV लाइनअप में Venue और Creta के बीच के खाली गैप को भरेगी. लगभग 4.2 मीटर की लंबाई वाली इस SUV को पेट्रोल और CNG इंजन ऑप्शन के साथ पेश किया जा सकता है. हालांकि, ये गाड़ी इंटरनेशनल मार्केट की तरह ही 'Bayon' नाम से आएगी. लेकिन भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल का डिजाइन और लुक लोकल ग्राहकों की पसंद के हिसाब से बिल्कुल नया और कस्टमाइज्ड होगा.
रोड पर दिखी Hyundai Bayon
Hyundai Bayon को भारत की सड़कों पर कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है. ट्रेडिशनल हाई SUVs के बजाय इसका लुक एक स्पोर्टी क्रॉसओवर जैसा होगा. इसमें हुंडई के सिग्नेचर डिजाइन एलिमेंट्स जैसे बेहद स्लीक LED लाइट्स और स्क्वायर्ड व्हील आर्च देखने को मिल सकते हैं.
स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि इसके इंटीरियर में एक नया डैशबोर्ड लेआउट, कर्व्ड डुअल स्क्रीन, नए डिजाइन का स्टीयरिंग व्हील और हल्के रंग की प्रीमियम केबिन ट्रिम दी जाएगी. टेस्टिंग मॉडल्स से ये भी संकेत मिले हैं कि इसमें एक नया एक्सटीरियर कलर ऑप्शन और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन (गियरबॉक्स) का ऑप्शन भी दिया जाएगा.
Hyundai Bayon का नाम
इस SUV का 'Bayon' नाम फ्रांस के बास्क (Basque) क्षेत्र में स्थित 'बायोन्ने' (Bayonne) शहर से प्रेरित है. ये शहर अपनी अनोखी पहचान और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है. हुंडई के मुताबिक, ये नाम कंपनी के ग्लोबल डिजाइन विजन को दर्शाता है. इसका स्टाइल, आधुनिक तकनीक व एडवेंचर पसंद करने वाले भारतीय ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन साबित होगा.
Hyundai EV मार्केट में बढ़ना चाह रहा है पकड़
Hyundai Motor India के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा, "हम अपने चार्जर नेटवर्क को बढ़ाकर, ईवी-रेडी सेल्स व सर्विस पॉइंट्स को तैयार करके, विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करके और अपनी डीलरशिप टीमों को व्यवस्थित ट्रेनिंग देकर इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ ग्राहकों के इस बदलाव को बेहद आसान, भरोसेमंद और फायदेमंद बनाना चाहते हैं."
वर्तमान में हुंडई के पास ईवी (EV) के रखरखाव और मरम्मत के लिए 2,600 से अधिक ट्रेन्ड सर्विस कर्मचारी उपलब्ध हैं. हुंडई के मौजूदा इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में Ioniq 5 और Creta Electric शामिल हैं. माना जा रहा है कि कंपनी इस SUV के जरिए Brezza के मार्केट को खराब कर सकती है.
ये भी पढ़ें- Tata Punch हो गई महंगी, इतने हजार तक बढ़ गए दाम, जानें अब कितने की मिलेगी