अगर आपकी कार पर हल्की खरोंच यानी स्क्रैच आ गए हैं और आपको तुरंत सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं है. क्योंकि अपने घर पर ही कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप इन स्क्रैच को काफी हद तक कम कर सकते हैं. ये तरीके इतने आसान हैं कि हर कोई इन्हें अपना सकता है और अपने हज़ारों रुपये भी बचा सकता है. तो चलिए जानते हैं इन कमाल के तरीकों के बारे में...
तो सबसे पहले अपनी गाड़ी को अच्छे से धो लें ताकि धूल या मिट्टी स्क्रैच पर रगड़ खाते समय और नुकसान न करे. साफ माइक्रोफाइबर कपड़े से गाड़ी को पोंछ लें. अब इसके बाद इन तरीकों को ट्राय करें.
1. टूथपेस्ट - सफेद बिना जैल वाले टूथपेस्ट को मुलायम कपड़े पर लगाकर गोल-गोल घुमाते हुए स्क्रैच पर 1–2 मिनट हल्के हाथ से रगड़ें. फिर साफ गीले कपड़े से पोंछ दें. जरूरत हो तो 2-3 बार दोहराएं. इससे हल्की खरोंच काफी कम दिखने लगती है क्योंकि टूथपेस्ट में हल्का अब्रेसिव होता है जो ऊपरी लेयर को स्मूथ कर देता है.
2. बेकिंग सोडा - इसके लिए बेकिंग सोडा और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. इसे मुलायम कपड़े से स्क्रैच वाली जगह पर हल्के दबाव से लगाएं और गोल घुमाएं. बाद में साफ पानी से पोंछ लें. यह तरीका सिर्फ छोटे स्क्रैच पर बढ़िया काम करता है.
3. नेल पॉलिश - अगर स्क्रैच थोड़ा गहरा है लेकिन बहुत बड़ा नहीं है, तो गाड़ी के रंग से मिलती-जुलती नेल पॉलिश लगाकर उसे भरा जा सकता है. बहुत पतली लेयर लगाएं और सूखने दें. यह तरीका परफेक्ट फिनिश नहीं देगा, लेकिन दूर से स्क्रैच कम नजर आएगा.
4. कार वैक्स या पॉलिश - मार्केट में मिलने वाली कार वैक्स या पॉलिश भी हल्के स्क्रैच को छुपाने में मदद करती है. वैक्स लगाने से पेंट की ऊपरी सतह स्मूथ हो जाती है और चमक भी वापस आती है.
5. नारियल तेल - मुलायम कपड़े पर हल्का नारियल तेल लगाकर गोल-गोल घुमाते हुए स्क्रैच पर 1–2 मिनट हल्के हाथ से रगड़ें. इससे भी हल्का स्क्रैच आसानी से छिप जाता है.
नोट- स्क्रैच पर कभी भी ज्यादा जोर से नहीं रगड़े, इससे पेंट और खराब हो सकता है. स्टील वूल या खुरदुरा कपड़ा बिल्कुल इस्तेमाल न करें. अगर नाखून स्क्रैच में फंस जाता है, तो समझ लें कि वह गहरा है और उसे घरेलू तरीके से पूरी तरह हटाना मुश्किल होगा.














