सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज देने वाली कार की लॉन्च डेट आ गई है. इस कार से केवल एक चार्ज में दिल्ली से पटना पहुंचा जा सकता है. इसकी रेंज 1,003 किलोमीटर तक है. हम बात कर रहे हैं चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माता कंपनी BYD के प्रीमियम सब-ब्रांड Denza ने इसकी घोषणा कर दी है. नई Denza N8 को आगामी 12 नवंबर को आधिकारिक तौर पर लॉन्च होगी.
आपको बता दें कि इस बड़ी और बेहद लग्जरी 5-सीटर इलेक्ट्रिक SUV की प्री-बुकिंग बीते 26 अक्टूबर से ही शुरू हो चुकी है. कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इसका लॉन्च इवेंट शेन्ज़ेन में मौजूद BYD के पिंगशान हेडक्वार्टर में बीजिंग समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा. इस गाड़ी को बुक करने के लिए ग्राहक अभी 2,000 युआन (लगभग 25 हजार रुपये) का टोकन अमाउंट देकर अपनी बुकिंग करा सकते हैं.
प्री-बुक करने वाले ग्राहकों को कंपनी की तरफ से 5,000 युआन का ऑप्शन्स फंड या फिर एक विशेष ऑप्शनल इक्विपमेंट पैकेज चुनने का मौका दिया जा रहा है. साइज के मामले में ये SUV बेहद बड़ा है, जिसकी लंबाई 5,150 mm, चौड़ाई 1,999 mm, ऊंचाई 1,820 mm और इसका व्हीलबेस 3,075 mm का है. ये कार ग्राहकों के लिए 8 बॉडी कलर्स में उपलब्ध होगी, जिसमें 4 सॉलिड सिंगल टोन और 4 डुअल-टोन ऑप्शन्स शामिल हैं.
सुपरफास्ट चार्जिंग और 1000 किमी से ज्यादा की रेंज
इस नई इलेक्ट्रिक SUV की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार बैटरी और बेजोड़ रेंज है. ये कार BYD की दूसरी जनरेशन की ब्लेड बैटरी और फ्लैश चार्जिंग तकनीक से लैस है. इसका प्योर इलेक्ट्रिक वर्जन सिंगल चार्ज में पूरे 1,003 किलोमीटर तक की शानदार रेंज देने का दावा करता है.
Denza का कहना है कि इसकी फ्लैश चार्जिंग तकनीक इतनी एडवांस है कि ये महज 5 मिनट की चार्जिंग में ही दोबारा चलने लायक यूजफुल चार्ज हो जाती है, जबकि इसे लगभग फुल चार्ज होने में केवल 9 मिनट का समय लगता है. सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि माइनस 30 डिग्री सेल्सियस जैसे बेहद बर्फीले तापमान में भी इसकी चार्जिंग स्पीड पर कोई खास असर नहीं पड़ता और वहां चार्जिंग समय में केवल 3 मिनट की ही बढ़ोतरी होती है. कंपनी ने फिलहाल इसके केवल प्योर इलेक्ट्रिक मॉडल को ही पेश किया है और इसके प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन को लेकर अभी कोई जानकारी शेयर नहीं की है.
पावरफुल और "कम्पस टर्न" जैसे एडवांस फीचर्स
परफॉर्मेंस के मामले में Denza N8 एक असली बाहुबली है. ये गाड़ी दो पावरट्रेन ऑप्शंस में आती है, जिसमें सिंगल-मोटर रियर-व्हील-ड्राइव और ट्राई-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव वेरिएंट शामिल हैं.
- सिंगल-मोटर वेरिएंट: इसके सिंगल-मोटर मॉडल्स 320 kW (429 hp) और 370 kW की पावर जनरेट करते हैं.
- ट्राई-मोटर वेरिएंट: इसका सबसे धांसू मॉडल कंपनी के एडवांस e3 प्लेटफॉर्म पर बना है. इसमें आगे की तरफ 270 kW की एक मोटर और पीछे की तरफ 310 kW की दो मोटर्स लगी हैं, जो मिलकर इसे 890 kW यानी लगभग 1,193 hp की पावर देती हैं. इस सुपर पावर की मदद से ये SUV बिना आगे बढ़े एक ही जगह पर कम्पस टर्न और इंटेलिजेंट क्रॉलिंग जैसे एडवांस फीचर्स को सपोर्ट करती है.
सुरक्षा और आराम के लिए ये कार God's Eye 5.0 ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और DiSus-A इंटेलिजेंट एयर सस्पेंशन से लैस है. केबिन के अंदर की बात करें तो इसमें 1.1 मीटर चौड़ा PHUD पैनोरमिक डिस्प्ले और एक बड़ी 30-इंच की स्क्रीन दी गई है. इसका पैनोरमिक डिस्प्ले ड्राइवर को स्पीड, नेविगेशन और एडैस से जुड़ी जरूरी जानकारियां दिखाता है, जबकि बड़ी 30-इंच की स्क्रीन ड्राइवर और को-पैसेंजर के लिए इंडिपेंडेंट स्प्लिट-स्क्रीन का काम करती है.
देखा जाए तो ये नई डेंजा N8 असल में इस नाम की दोबारा वापसी है. ओरिजिनल डेंजा N8 को अगस्त 2023 में 6-सीटर और 7-सीटर प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल के रूप में लॉन्च किया गया था, लेकिन बेहद कम बिक्री के कारण इसे एक साल के अंदर ही बंद करना पड़ा था. इसके बाद कंपनी ने अक्टूबर 2025 में 6-सीटर N8L को उतारा था और इसी साल सितंबर में इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी जोड़ा था. अब ये नई 5-सीटर N8 अपनी बड़ी बहन N8L के साथ मिलकर अलग-अलग सीटिंग लेआउट चाहने वाले परिवारों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन पेश करेगी.
यह भी पढ़ें | टैक्सी ड्राइवर्स और एजेंसियों की मौज! 15 Km माइलेज देने वाली Innova Crysta लॉन्च, जानें कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं