ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए फरवरी 2026 का महीना उत्साह भरा रहा. देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनियों ने रविवार को अपनी सेल्स रिपोर्ट जारी की, जिसमें सालाना आधार पर जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है. एसयूवी (SUV) और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बढ़ती मांग के साथ-साथ ग्रामीण बाजारों में आए सुधार ने ऑटो सेक्टर की रफ्तार को और तेज कर दिया है. महिंद्रा, टाटा मोटर्स और टोयोटा जैसी कंपनियों ने दहाई अंकों में ग्रोथ दर्ज कर बाजार में मजबूत पकड़ बनाए रखी है.
महिंद्रा एंड महिंद्रा: एसयूवी और ट्रैक्टर सेगमेंट में दमदार प्रदर्शन
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने फरवरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल बिक्री में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है. कंपनी ने कुल 97,177 वाहन बेचे. इसमें सबसे बड़ी भूमिका यूटिलिटी व्हीकल (SUV) सेगमेंट की रही, जिसकी घरेलू बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 60,018 यूनिट्स तक पहुंच गई. केवल कारों में ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी कंपनी का दबदबा दिखा; महिंद्रा के ट्रैक्टरों की बिक्री में 34 प्रतिशत का भारी उछाल आया और कुल 34,133 ट्रैक्टर बेचे गए. कंपनी के अनुसार, रबी की अच्छी बुवाई और ग्रामीण इलाकों में नकदी प्रवाह बढ़ने से यह तेजी आई है.
टाटा मोटर्स: इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग से मिली 35% की ग्रोथ
टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट ने फरवरी में 35 प्रतिशत की जबरदस्त सालाना वृद्धि दर्ज की. कंपनी की कुल बिक्री पिछले साल के 46,811 यूनिट्स से बढ़कर 63,331 यूनिट्स हो गई है. टाटा के लिए सबसे उत्साहजनक बात इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की लोकप्रियता रही. कंपनी के ईवी पोर्टफोलियो (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) में 57 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, जिसके तहत फरवरी में कुल 8,385 इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेची गईं.
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर: बिक्री में 20 प्रतिशत का इजाफा
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने भी अपनी सफलता की कहानी जारी रखते हुए फरवरी में 34,034 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है. घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 16 प्रतिशत बढ़ी, जबकि निर्यात (Exports) के मामले में कंपनी ने 65 प्रतिशत की लंबी छलांग लगाई है. टोयोटा के अधिकारियों का कहना है कि उनके पूरे प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के लिए ग्राहकों की मांग लगातार बनी हुई है.
किया इंडिया: अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री
किया इंडिया ने इस साल फरवरी महीने में अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है. कंपनी ने सालाना आधार पर 10.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 27,610 यूनिट्स की बिक्री की. लगातार दूसरे महीने डबल-डिजिट ग्रोथ हासिल करने वाली किया इंडिया का मानना है कि उनकी प्रीमियम डिजाइन और नई तकनीक ग्राहकों को अपनी ओर खींच रही है.
JSW एमजी मोटर इंडिया: नए मॉडल और प्रीमियम सेगमेंट पर जोर
JSW एमजी मोटर इंडिया ने फरवरी में 24 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ 4,957 गाड़ियां बेचीं. कंपनी के अनुसार, उनके पेट्रोल-डीजल (ICE) और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) दोनों ही मॉडलों की अच्छी मांग बनी हुई है. इसी दौरान कंपनी ने अपनी नई प्रीमियम एसयूवी 'MG MAJESTOR' भी पेश की है, जिसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है.
रेनॉल्ट इंडिया: नए मॉडलों ने बदली ब्रांड की छवि
फ्रांसीसी कंपनी रेनॉल्ट इंडिया ने फरवरी में 3,495 यूनिट्स की बिक्री के साथ 31 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की है. कंपनी की इस सफलता में नए काइगर (Kiger) और ट्राइबर (Triber) मॉडलों का बड़ा हाथ रहा है. विशेष रूप से नई ट्राइबर एमयूवी की बिक्री में 57 प्रतिशत का उछाल देखा गया. कंपनी का कहना है कि 'डस्टर' की वापसी की घोषणा के बाद से शोरूम पर आने वाले ग्राहकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है.
ये भी पढ़ें: क्या महंगा होने वाला है पेट्रोल-डीजल? होर्मुज संकट और क्रूड ऑयल में तेजी के बीच एक्सपर्ट से समझें पूरा माजरा














