Skoda ने भारत में 2026 Slavia Facelift से पर्दा उठा दिया है. कंपनी ने इसकी प्री-बुकिंग शुरू कर दी है. 15 हजार रुपये देकर आप इसको प्री-बुक कर सकते हैं. हालांकि, कीमत के बारे में जानकारी कंपनी बाद में दे सकती है. इसके साथ ही Superb के लिए Expression of Interest और Octavia RS के लिए प्री-ऑर्डर भी शुरू किए गए हैं. अपडेटेड Slavia में डिजाइन के साथ कई नए फीचर्स, बेहतर टेक्नोलॉजी और नया ट्रांसमिशन दिया गया है. नई Slavia का मुकाबला Hyundai Verna, Honda City और Volkswagen Virtus जैसी सेडान से होगा. कंपनी ने कार के ओवरऑल डिजाइन को पहले जैसा रखा है, लेकिन कई छोटे-बड़े अपडेट इसे पहले से ज्यादा आकर्षक और फीचर-रिच बनाते हैं.
नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
2026 Slavia Facelift में सबसे बड़ा अपडेट नया 8-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स है. इसे 1.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ जोड़ा गया है. वहीं 1.5-लीटर TSI इंजन के साथ 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स मिलता रहेगा. 1.0 TSI इंजन के साथ मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन भी जारी रहेगा.
अब मिलेगा 360-डिग्री कैमरा
Slavia में पहली बार 360-डिग्री कैमरा दिया गया है. इससे पार्किंग और कम स्पीड पर कार चलाते समय आसपास का एरिया देखना आसान होगा.
यह फीचर हायर वैरिएंट में उपलब्ध होगा.
नया LED लाइटिंग पैकेज
फेसलिफ्ट मॉडल में नई LED लाइटिंग दी गई है. इसमें नई LED हेडलैंप, नई LED फॉग लैंप, नई LED टेल लैंप और सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स शामिल हैं. इन बदलावों से रात के समय कार का फ्रंट और रियर लुक पहले से ज्यादा शार्प दिखाई देगा.
नए अलॉय व्हील डिजाइन और नए अपडेट
Skoda ने Slavia के अलग-अलग वैरिएंट में नए अलॉय व्हील डिजाइन दिए हैं. Monte Carlo वैरिएंट में रेड ब्रेक कैलिपर्स भी मिलते हैं, जिससे कार को ज्यादा स्पोर्टी लुक मिलता है. हालांकि टॉप वैरिएंट में अभी भी 16-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. 17-इंच व्हील्स इसे और ज्यादा आकर्षक बना सकते थे. Monte Carlo वैरिएंट को अलग पहचान देने के लिए इसमें रेड एक्सटीरियर एक्सेंट और अपडेटेड Monte Carlo बैजिंग दी गई है.
इससे यह वैरिएंट स्टैंडर्ड Slavia की तुलना में ज्यादा स्पोर्टी दिखाई देता है.
बड़ा वर्चुअल कॉकपिट
हायर वैरिएंट में अब 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. इसमें इंटीग्रेटेड टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन के साथ कई नई डिस्प्ले सुविधाएं मिलती हैं. इससे ड्राइवर को जरूरी जानकारी सीधे इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर देखने में आसानी होगी. नई Slavia में 10.1-इंच की बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट दी गई है. इसमें बिल्ट-इन कनेक्टिविटी का सपोर्ट मिलता है. इसके अलावा Google Cloud पर आधारित AI असिस्टेंट भी दिया गया है. इससे कार में टेक्नोलॉजी और कनेक्टेड फीचर्स का अनुभव पहले से बेहतर होने की उम्मीद है.
रियर सीट मसाजर
Slavia Facelift में नया रियर सीट मसाजर जोड़ा गया है. कंपनी के अनुसार, ये अपनी सेगमेंट की पहली सेडान है जिसमें ये फीचर दिया गया है.
लंबी दूरी के सफर के दौरान यह फीचर रियर पैसेंजर्स के कम्फर्ट को बेहतर कर सकता है. नई Slavia में इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स दी गई हैं. इनमें वेंटिलेशन का फीचर भी मिलता है. गर्म मौसम और लंबे सफर के दौरान यह फीचर पैसेंजर्स के कम्फर्ट के लिए काफी उपयोगी हो सकता है.
नए कलर ऑप्शन
Skoda ने Slavia के कलर पैलेट में दो नए कलर जोड़े हैं. इनमें Arctic Silver और Cappuccino Beige शामिल हैं. Cappuccino Beige कलर बाद में लाइनअप में शामिल किया जाएगा. वहीं Lava Blue, Carbon Steel, Cherry Red और Candy White जैसे मौजूदा कलर ऑप्शन भी जारी रहेंगे.
ये भी पढ़ें- सिर्फ 19 लाख की कार, लग्जरी, स्टाइल और सामान की ढुलाई सब एक साथ