Orange Haired Man: जब दुनिया के ताकतवर मुल्कों के बीच ठनती है, तो उसका असर कई देशों पर पड़ता है. मिडिल ईस्ट में मचे घमासान और 'स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज' (Strait of Hormuz) में बढ़ते तनाव के बीच भारत में गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं. इसी बीच पुणे के कोथरुड इलाके के एक रेस्टोरेंट मालिक ने अपनी भड़ास निकालने के लिए जो तरीका चुना, उसे पढ़कर आपकी हंसी नहीं रुकेगी. मालिक ने बाकायदा नोटिस चिपकाकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खरी-खोटी सुनाई है.
ये भी पढ़ें:-करोड़ों की सैलरी और अमेरिका का बंगला छोड़...दुनियाभर में घूम रहा है यह IITian, न बच्चों का स्कूल, न खुद का घर!
पुणे के इस रेस्टोरेंट ने अपने मेनू कार्ड की कीमतें बढ़ाने की जानकारी देने के लिए एक बड़ा ही दिलचस्प नोटिस बोर्ड लगाया है. इसमें मराठी और अंग्रेजी में साफ शब्दों में बिना नाम लिए डोनाल्ड ट्रंप को 'नारंगी बालों वाला' (Orange Haired) बताया गया है. नोटिस में लिखा है कि इस शख्स की वजह से शुरू हुई जंग ने कच्चे तेल की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिसका सीधा असर रसोई गैस (LPG) और प्लास्टिक कंटेनर की कीमतों पर पड़ा है.
पुणे का टशन 'या तो साथ दो या जंग रुकवाओ' (Pune Restaurant's Viral Notice Mocking Trump)
मराठी में लिखा यह नोटिस इंटरनेट पर गदर मचा रहा है. इसमें लिखा है 'नारंगी बालों वाले आदमी की वजह से कच्चे तेल के दाम बढ़ गए हैं, इसलिए 21 मार्च से नई दरें लागू होंगी. कृपया सहयोग करें या फिर युद्ध रुकवाएं.' सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सायली महाशुर (@SMahashur) ने जैसे ही यह पोस्ट डाली, इसे 2 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए. लोग रेस्टोरेंट मालिक की इस 'रचनात्मकता' के कायल हो गए हैं.
ग्लोबल जंग का लोकल असर और बढ़ती महंगाई (Global Crisis Impacting Local Businesses in India)
दरअसल, यह नोटिस सिर्फ मजाक नहीं है, बल्कि एक कड़वी सच्चाई भी है. होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) बंद होने की आहट से पूरी दुनिया में ईंधन का संकट खड़ा हो गया है. छोटे रेस्टोरेंट मालिकों के लिए LPG के दामों में मामूली बढ़ोत्तरी भी उनका बजट बिगाड़ देती है. इसी मजबूरी को पुणे के इस ढाबे वाले ने बड़े ही व्यंग्यात्मक यानी सटायर के अंदाज में पेश किया है, ताकि ग्राहक गुस्सा होने के बजाय मुस्कराकर सहयोग करें. भले ही वाशिंगटन और तेहरान के बीच की दूरी हजारों मील हो, लेकिन आज की तारीख में ग्लोबल पॉलिटिक्स हर किसी की जेब पर असर डाल रही है. पुणे के इस रेस्टोरेंट मालिक ने साबित कर दिया कि गुस्सा जाहिर करने के लिए पत्थर उठाना जरूरी नहीं, कभी-कभी एक मजेदार नोटिस भी दुनिया को आईना दिखा देता है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














