समुद्र की गहराइयों में छिपे कई रहस्य आज भी इंसानों के लिए अनसुलझे हैं. हाल ही में एक ऐसा ही रहस्यमयी जीव समुद्र से निकलकर किनारे पर मिला, जिसने वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया. यह कोई साधारण मछली नहीं, बल्कि सैकड़ों साल तक जीवित रहने वाली एक दुर्लभ शार्क है.
आयरलैंड के काउंटी स्लिगो के फिनिस्क्लिन बीच पर एक बेहद दुर्लभ और रहस्यमयी शार्क का शव मिला है. यह शार्क ग्रीनलैंड शार्क प्रजाति की है, जिसे दुनिया के सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले कशेरुकी जीवों में गिना जाता है. बताया जा रहा है कि यह शार्क करीब 9.5 फीट लंबी थी और इसकी उम्र कम से कम 150 साल मानी जा रही है. इस शार्क को दो स्थानीय लोगों हम्माद चौधरी और जेम्स विंटर्स ओ'डॉनेल ने समुद्र किनारे टहलते समय देखा.
500 साल तक जी सकती है यह शार्क
शुरुआत में इसे बास्किंग शार्क समझा गया था, लेकिन बाद में आयरिश व्हेल और डॉल्फिन समूह (IWDG) ने पुष्टि की कि यह ग्रीनलैंड शार्क है. IWDG के अनुसार, आयरलैंड में इस तरह की घटना पहली बार दर्ज की गई है, जिससे यह खोज और भी खास बन जाती है.
ग्रीनलैंड शार्क अपनी लंबी उम्र के लिए जानी जाती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह शार्क 500 साल से भी ज्यादा समय तक जीवित रह सकती है. यह आमतौर पर आर्कटिक और उत्तरी अटलांटिक महासागर की गहराइयों में पाई जाती है और 4 से 6 मीटर तक लंबी हो सकती है.
वैज्ञानिक करेंगे रिसर्च
बीबीसी के मुताबिक, इस शार्क के शव को अब आयरलैंड के प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय के पास भेजा गया है, जहां वैज्ञानिक इसका अध्ययन करेंगे. म्यूजियम के अनुसार, इसके टिश्यू और शरीर के कुछ हिस्सों को संरक्षित किया जाएगा ताकि भविष्य में इस दुर्लभ प्रजाति के बारे में और जानकारी मिल सके. अगर इसकी त्वचा सही स्थिति में रही, तो इसे म्यूजियम में प्रदर्शित भी किया जा सकता है, जिससे लोग इस रहस्यमयी जीव के बारे में और जान सकेंगे.
यह भी पढ़ें: विदेश से लौटे NRIs के लिए भारत में काम करना कितना मुश्किल है? महिला ने बताई असली सच्चाई
6 महीने बेंगलुरु में रह लो… लड़की ने बताया कैसे बदल जाती है पूरी लाइफस्टाइल, आपकी आदतें और सोच














