Bengaluru Pothole Viral Video: बेंगलुरु की सड़कों और वहां के ट्रैफिक के किस्से तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन इस बार मामला जरा हटके है. एक वीडियो इंटरनेट पर आग लगा रहा है, जिसमें एक शख्स अपनी बेशकीमती पोर्शे रोकता है और उसके बोनट को ही मिक्सिंग ट्रे बना डालता है. शख्स ने तसल्ली से बोनट पर सीमेंट और पानी का घोल तैयार किया और पास के एक गड्ढे को भर दिया. भारत में इस कार की कीमत 90 लाख से शुरू होकर पौने चार करोड़ तक जाती है. ऐसे में बोनट पर मसाला रगड़ते देख कार प्रेमियों की तो रूह कांप गई, लेकिन ठहरिए...कहानी में एक जबरदस्त ट्विस्ट अभी बाकी है.
पेंट प्रोटेक्शन फिल्म का 'जादू' या सिर्फ एक दिखावा? (The Secret Behind PPF Stunt on Luxury Porsche Car)
जैसे ही लोगों ने हाय-तौबा मचानी शुरू की, वीडियो में एक हाथ आता है जो बोनट से एक पारदर्शी प्लास्टिक जैसी परत हटाता है. पता चला कि यह कार 'पेंट प्रोटेक्शन फिल्म' (PPF) से ढकी थी. परत हटी और नीचे से कार का पेंट एकदम कुंवारा और चमकदार निकला. सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने दो फाड़ कर दिए हैं. कुछ लोग कह रहे हैं कि सरकार के भरोसे बैठने के बजाय खुद कदम उठाना अच्छी बात है, तो वहीं कुछ उस्तादों का कहना है कि यह 'सोशल वर्क' कम और अपनी दुकान चमकाने का 'मार्केटिंग स्टंट' ज्यादा है.
समाज सेवा की आड़ में विज्ञापन का खेल? (Netizens React to Viral Porsche Cement Video)
पब्लिक भी अब काफी सयानी हो गई है. यूजर्स पूछ रहे हैं कि क्या इस तरह थोड़े से सीमेंट से भरा गड्ढा दो दिन भी टिक पाएगा? वहीं कुछ ने इसे 'क्रिएटिव एडवर्टाइजमेंट' का नाम दिया है. खैर, वजह चाहे जो भी हो, पर साहब ने सुर्खियां तो पूरी बटोर लीं. यकीन मानिए, इस वीडियो ने एक बात तो साफ कर दी कि अगर आपके पास दिमाग और 'पोटेंशियल' है, तो आप दुनिया का ध्यान खींचने के लिए अपनी करोड़ों की गाड़ी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें:-64 घंटे का वर्ल्ड रिकॉर्ड और अब पेरिस में जलवा, मिलिए शतरंज के नए 'बाजीगर' टुंडे ओनाकोया से...
कुल मिलाकर यह वीडियो जिम्मेदारी का संदेश देने और अपना सामान बेचने का एक मिला-जुला पैकेट है. चाहे वह समाज सेवा हो या पीपीएफ का प्रमोशन, इस अनोखे तरीके ने इंटरनेट की जनता को बहस करने का एक नया मुद्दा जरूर दे दिया है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














