सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दिलचस्प कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है. इसमें बताया गया है कि कैसे एक शख्स के चाचा ने कई साल पहले बहुत कम कीमत पर जमीन खरीदी थी, जो समय के साथ इतनी महंगी हो गई कि उसका एक हिस्सा बेचकर ही करोड़ों रुपये मिल गए. यह कहानी दिखाती है कि सही जगह पर किया गया लंबी अवधि का निवेश कभी-कभी असाधारण फायदा दे सकता है.
1990 में खरीदी थी 4 एकड़ जमीन
यह चर्चा तब शुरू हुई जब एक शख्स ने एक्स पर अपने शहर की एक सच्ची कहानी शेयर की. पोस्ट में उसने बताया कि उसके चाचा ने साल 1990 में 4 एकड़ जमीन खरीदी थी. उस समय जमीन की कीमत बहुत कम थी. प्रति एकड़ कीमत: 15,000 रुपये और कुल निवेश: 60,000 रुपये था. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यही जमीन आने वाले वर्षों में इतनी महंगी हो जाएगी.
इलाके के विकास से बढ़ी जमीन की कीमत
समय के साथ उस इलाके में काफी विकास हुआ. धीरे-धीरे वहां नई सुविधाएं आईं, आबादी बढ़ी और शहर का विस्तार होने लगा. बाद में वही कस्बा जिला बन गया. जैसे-जैसे विकास हुआ, जमीन की कीमत भी तेजी से बढ़ने लगी. आखिरकार एक बड़ा रिटेल ब्रांड DMart ने उस जमीन का कुछ हिस्सा खरीद लिया. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 2 एकड़ जमीन के लिए करीब 25 करोड़ रुपये का भुगतान किया.
अब हर महीने मिल रहा लाखों का ब्याज
पोस्ट के अनुसार, जमीन का हिस्सा बेचने के बाद चाचा ने मिले 25 करोड़ रुपये को फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश कर दिया. बताया गया है कि उन्हें इस निवेश से लगभग 14.5 लाख रुपये हर महीने ब्याज के रूप में मिल रहे हैं. पोस्ट के अंत में यह भी कहा गया कि कई बार सबसे बड़ी संपत्ति वही होती है जिसे लंबे समय तक संभाल कर रखा जाए.
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
यह पोस्ट 12 मार्च को शेयर की गई थी और कुछ ही समय में इसे तीन लाख से अधिक बार देखा गया. पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी राय भी दी. एक यूजर ने लिखा, समय अच्छे एसेट को बड़ी संपत्ति में बदल देता है. दूसरे ने थोड़ा संदेह जताते हुए कहा कि अगर इसका 10 प्रतिशत भी सच है, तो यह शानदार निवेश है. एक अन्य यूजर ने कहा, कि जमीन की कीमत पूरी तरह जगह और किस्मत पर निर्भर करती है. कुछ लोगों ने यह भी कहा, कि इतने साल तक जमीन को संभालकर रखना आसान नहीं होता और इसके लिए काफी धैर्य चाहिए.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: बाथरूम तक नहीं जा पाती... 2 साल के बच्चे की मां ने बयां किया दर्द, रो-रोकर बताईं पेरेंटिंग की असली मुश्किलें
बॉस बार-बार 'आलू' कहकर चिढ़ाता था, महिला ने कर दिया केस, कंपनी को देना पड़ा 29 लाख का जुर्माना
बहन के संगीत में छा गए भाई! ‘शरारत' गाने पर डांस देख लोग बोले- ओरिजिनल से भी बेहतर - देखें Video














