संपत्ति हथियाने के लिए मामा ने मां से की शादी! 27 साल की बेटी ने खोला ऐसा राज, पैरों तले खिसक जाएगी ज़मीन

चीन की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी मां की मौत के बाद मामा ने उनसे शादी कर उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया. मामला सामने आने के बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
संपत्ति हथियाने के लिए मामा ने मां से की शादी!

चीन में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी है. 27 वर्षीय एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी मृत मां की मौत के बाद उसके मामा ने उनसे शादी कर ली, ताकि वह उनकी संपत्ति पर अधिकार हासिल कर सके. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला हेनान प्रांत का है. महिला का सरनेम सन बताया गया है. उसकी मां झाओ फांग की 2008 में बीमारी के कारण मौत हो गई थी. उस समय सन केवल 9 साल की थी.

मां की मौत के बाद रिश्तेदारों के साथ रही

रिपोर्ट के अनुसार, सन के माता-पिता पहले ही तलाक ले चुके थे और वह अपनी मां के साथ रह रही थी. मां की मौत के बाद उसे उसकी मौसी ने गोद ले लिया. बताया जाता है कि झाओ फांग की मौत के समय उनके रिश्तेदारों ने उनकी संपत्तियों से जुड़े कागजात का नोटरीकरण कराया था. परिवार के सदस्यों ने उनकी तीन संपत्तियां बेचकर कर्ज चुकाने के दस्तावेज भी साइन किए थे. बची हुई संपत्तियों को तब तक मौसी की देखरेख में रखने का फैसला किया गया, जब तक सन बालिग नहीं हो जाती. सन पहले हेबै में अपनी मां के साथ रहती थी. मां की मौत के बाद वह कभी मौसी तो कभी मामा के घर हेनान में रहती रही. बाद में 2018 में वह कॉलेज चली गई.

विरासत लेने पहुंची तो हुआ बड़ा खुलासा

जब सन कानूनी रूप से मां की संपत्ति की उत्तराधिकारी बनने की उम्र में पहुंची, तो उसने विरासत का दावा करने की प्रक्रिया शुरू की. लेकिन, जांच के दौरान उसे पता चला कि उसकी मां के नाम पर सिर्फ एक दुकान ही बची है. बाकी सभी संपत्तियां, जैसे मकान, व्यावसायिक संपत्तियां और गहने किसी और के नाम ट्रांसफर हो चुकी थीं.

मौत के बाद मां की ‘शादी' का दावा

सबसे बड़ा झटका तब लगा जब नोटरी कार्यालय ने सन को बताया कि उसकी मां ने 2009 में दोबारा शादी कर ली थी. जबकि, झाओ फांग की मौत 2008 में ही हो चुकी थी. इस कथित शादी के कारण सन अब अकेली कानूनी उत्तराधिकारी नहीं रही और वह विरासत की प्रक्रिया अकेले पूरी नहीं कर सकती थी. जब सन ने 2009 का विवाह पंजीकरण दस्तावेज देखा तो वह हैरान रह गई. दस्तावेज में उसकी मां के पति के रूप में जिस व्यक्ति का नाम दर्ज था, वह उसके मामा के नाम से मेल खाता था. सन का यह भी आरोप है कि शादी के दस्तावेज में उसकी मां की तस्वीर की जगह मामी की फोटो लगी हुई थी. साथ ही उसकी मां के पहचान पत्र में भी मामी की फोटो और पता जोड़ दिया गया था, जबकि पहचान संख्या वही पुरानी रखी गई थी. सन को शक है कि उसके मामा ने अपनी पत्नी की पहचान का इस्तेमाल करके उसकी मां के नाम से दोबारा शादी दर्ज कराई, ताकि कानूनी रूप से संपत्ति पर अधिकार मिल सके.

मामले की जांच शुरू

चीनी कानून के अनुसार, संपत्ति के पहले अधिकार वाले उत्तराधिकारियों में जीवनसाथी, बच्चे और माता-पिता आते हैं. भाई-बहन दूसरे क्रम के उत्तराधिकारी होते हैं और उन्हें तभी अधिकार मिलता है जब पहले क्रम के उत्तराधिकारी मौजूद न हों. रिपोर्ट के मुताबिक, पहले शादी पंजीकरण के लिए केवल पहचान पत्र और परिवार रजिस्टर जैसे दस्तावेज ही जरूरी होते थे, इसलिए कई बार पारिवारिक रिश्तों की सही जांच नहीं हो पाती थी. सन ने 2025 में एक बार फिर विरासत के लिए नोटरी प्रक्रिया शुरू की, लेकिन वह असफल रही. इसके बाद उसने पूरा मामला सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. मामला सामने आने के बाद हेनान के अधिकारियों ने 3 मार्च को घोषणा की कि वे इस पूरे मामले की जांच करेंगे.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

Advertisement

यह भी पढ़ें: जब पहली बार बेटे के ऑफिस पहुंचे माता-पिता, इन्फोसिस कैंपस में घूमते हुए उनकी खुशी देख, भर आएंगी आंखें

गरीब रथ एक्सप्रेस में यात्रियों ने बनाया डांस फ्लोर, तेज म्यूजिक पर बना रहे थे रील, बुलानी पड़ी पुलिस और फिर...

Advertisement

सिर्फ खरीदारी के लिए जयपुर आई अमेरिकी डिजाइनर, ऐसा क्या खरीदा कि 10 दिन में खर्च कर डाले 54 लाख रु!

Featured Video Of The Day
Israel used White Phosphorus in Lebanon War? Chemical Weapon कितना खतरनाक है, पूरी बात यहां जानें