Chinese Sexual Intelligence Guru: चीन में रिश्तों और वैवाहिक जीवन को लेकर ऑनलाइन कोचिंग देने वाले लव और सेक्स गुरु अब सरकार की जांच के घेरे में आ गए हैं. इसी कड़ी में खुद को 'सेक्सुअल इंटेलिजेंस की गॉडमदर' बताने वाली झोउ युआन पर अब सरकारी जांच शुरू हो गई है. महिलाओं को पुरुषों को आकर्षित करने के तरीके सिखाकर करोड़ों रुपये कमाने वाली झोउ पर आरोप है कि वह महिलाओं को सामान की तरह पेश कर रही थीं और समाज में गलत मूल्य फैला रही थीं.
कैसे खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, कभी बैंकर रह चुकी झोउ युआन ने 'ब्लैक एंड व्हाइट सेक्सुअल इंटेलिजेंस स्कूल' की स्थापना की थी. इस प्लेटफॉर्म के ज़रिये वह शादीशुदा रिश्तों को दोबारा 'जवां' बनाने और महिलाओं के आकर्षण को बढ़ाने के नाम पर कोर्स बेचती थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, झोउ ने ऑनलाइन कोर्स, ऑफलाइन ट्रेनिंग कैंप और वयस्क उत्पादों की बिक्री से करीब 24 मिलियन युआन यानी लगभग 31 करोड़ रुपये की कमाई की.
आंखों, आवाज़ और बॉडी लैंग्वेज के ‘फॉर्मूले'
झोउ युआन सोशल मीडिया पर अपने अजीबोगरीब तरीकों के कारण वायरल हुई थीं. वह महिलाओं को आंखों से संपर्क बनाने, शरीर की खास मुद्रा अपनाने और बोलने के अंदाज़ तक सिखाती थीं. उनका दावा था कि सही तरीके से आंखों में देखकर बात करना, आवाज़ को मुलायम रखना और शरीर की भाषा बदलना पुरुषों को आकर्षित करने का विज्ञान है. उन्होंने कई वीडियो में यह भी बताया, कि कैसे तारीफ करते वक्त आवाज़ के उतार-चढ़ाव से सामने वाले पर असर डाला जा सकता है.
ऑफलाइन कैंप और विवाद
झोउ ने बीते साल एक दो दिवसीय ऑफलाइन कैंप भी आयोजित किया था, जिसमें महिलाओं को शारीरिक सुख और वैवाहिक जीवन से जुड़ी कथित जानकारी दी गई. इन कार्यक्रमों में शामिल होने वाली कई महिलाएं पेशेवर और सफल थीं, जो अपने रिश्तों में दोबारा नयापन लाना चाहती थीं. हालांकि, इन्हीं गतिविधियों को लेकर झोउ पर 'मिस्ट्रेस ट्रेनिंग' चलाने और महिलाओं को पुरुषों को खुश करने का औज़ार सिखाने के आरोप लगे.
सरकार की सख्ती और अकाउंट बैन
चीन के हुनान प्रांत में बाजार नियामकों, पुलिस और सांस्कृतिक विभागों ने संयुक्त जांच शुरू की है. जांच के बाद झोउ के सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिए गए और उनके सभी कोर्स भी हटा दिए गए. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सामग्री समाज में गलत सोच को बढ़ावा देती हैं और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती है.
झोउ की सफाई
झोउ युआन ने अपने बचाव में कहा है, कि उनका मकसद महिलाओं को आत्मविश्वासी बनाना और रिश्तों में नियंत्रण लेने में मदद करना था. उनका कहना है कि उनके कोर्स महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बनाए गए थे, न कि उन्हें कमजोर दिखाने के लिए. बता दें कि झोउ युआन अकेली नहीं हैं. चीन में ऐसे कई रिलेशनशिप कोच और लव गुरु हाल के वर्षों में सरकारी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं. एक अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, जो अमीर से शादी करने की सलाह देती थीं, उन्हें भी पहले प्लेटफॉर्म से हटाया गया और बाद में टैक्स चोरी के मामले में भारी जुर्माना लगाया गया.
चीन में अब रिश्तों और प्रेम को व्यापार बनाकर बेचने वालों पर शिकंजा कसता जा रहा है. झोउ युआन का मामला इस बात का संकेत है कि सरकार ऐसे कंटेंट को बढ़ावा नहीं देना चाहती, जो समाज में रिश्तों को सौदेबाज़ी और चालाकी तक सीमित कर दे.













