देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक शख्स की ऑटो ड्राइवर से बातचीत दिखाई देती है, जिसमें ड्राइवर अपनी कमाई के बारे में बताता है. जब उस शख्स ने शहर के महंगे खर्चों की बात की, तो ऑटो ड्राइवर ने जवाब दिया कि मुंबई में खर्च जरूर ज्यादा है, लेकिन यहां कमाई के मौके भी बहुत हैं. उसका कहना था कि यहां पैसा बरसता है, बस उसे पकड़ने वाला होना चाहिए.
रोज़ 2500 रुपये कमाने का दावा
वीडियो में ऑटो ड्राइवर बताता है कि वह औसतन रोज़ करीब 2500 रु तक कमा लेता है, वह भी खर्च निकालने के बाद. यह सुनकर सामने वाला शख्स काफी हैरान हो जाता है. वह कहता है कि जब उसकी बीटेक के बाद पहली नौकरी लगी थी, तब भी वह इतनी कमाई नहीं कर पाता था. वह जल्दी से हिसाब लगाते हुए कहता है कि अगर रोज़ 2500 रु मिलते हैं, तो महीने में करीब 75,000 रु तक की कमाई हो सकती है. इसके बाद वह मजाक में कहता है कि कॉरपोरेट ऑफिस में बैठने से बेहतर तो ऑटो चलाना है, जहां रोज़ नए लोगों से मिलना भी होता है.
देखें Video:
लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं
वीडियो में एक टेक्स्ट भी दिखता है, जिसमें लिखा है कि भारत में 30 हजार की नौकरी को सम्मानजनक माना जाता है, लेकिन 75 हजार कमाने वाला ऑटो ड्राइवर उतना सम्मान नहीं पाता. इस बात ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है कि आखिर समाज में सफलता को कैसे मापा जाता है. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी. एक यूज़र ने मजाक में लिखा, भैया के पास टीम मेंबर की कोई वैकेंसी है क्या? दूसरे ने लिखा, मां… मुझे ऑटोवाली बनना है! कुछ लोगों ने यह भी कहा, कि बड़े शहरों में कई ऑटो ड्राइवर वास्तव में अच्छी कमाई कर लेते हैं.
हालांकि, कई यूज़र्स ने यह भी याद दिलाया कि सिर्फ कमाई ही सब कुछ नहीं होती. एक शख्स ने लिखा, कि ऑटो ड्राइवर को पूरे दिन सड़क पर रहना पड़ता है, गर्मी-बारिश और ट्रैफिक का सामना करना पड़ता है. वहीं, एक छोटी सैलरी वाली नौकरी में काम का समय तय होता है और स्थिरता भी मिलती है.
कमाई बनाम स्थिरता की बहस
इस वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अच्छी कमाई ज्यादा महत्वपूर्ण है या नौकरी की स्थिरता और आराम. कई लोगों का मानना है कि हर काम के अपने फायदे और चुनौतियां होती हैं. इसलिए सिर्फ पैसे के आधार पर किसी भी पेशे को बेहतर या कमतर कहना सही नहीं होगा.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: मेड दीदी बन रहीं एंटरप्रेन्योर! महिला का दावा- 40 हजार महीना कमा रहीं हाउस हेल्प, इंटरनेट पर छिड़ी बहस
मल दान करके कमा सकते हैं करोड़ों? वायरल Video में महिला का दावा सुन चौंक जाएंगे आप














