हवा-सूरज से बनेगी बिजली, पहाड़ों के नीचे पाताललोक में बन रहा दुनिया का विशाल पावर बैंक, पूरे पाकिस्तान के बिजली खर्च के बराबर

ऑस्ट्रेलिया Snowy 2.0 प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है और यह दुनिया के सबसे बड़े हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में से एक होगा. इसकी बिजली स्टोर करने की क्षमता 350 GWh होगी और इसे ऐसे बनाया जा रहा है कि यह 150 साल तक चल सके.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Snowy 2.0: पहाड़ों के नीचे पाताललोक में बन रहा दुनिया का विशाल पावर बैंक (AI फोटो)

ऑस्ट्रेलिया स्नोवी पर्वतमाला के नीचे दुनिया का एक विशाल पावर बैंक बना रहा है. यह Snowy 2.0 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट है जो स्नोवी पर्वतमाला के नीचे कोसिउज़्को नेशनल पार्क क्षेत्र में बन रहा है. खास बात है कि इस हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की बिजली स्टोर करने की क्षमता 350 GWh होगी. इस प्रोजेक्ट में दो विशाल जलाशय, तांतंगारा  और तालबिंगो को लगभग 27 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड सुरंगों से जोड़ा जाएगा कुल 6 रिवर्सिबल पंप-टर्बाइन लगाकर बिजली बनाई और स्टोर की जाएगी.

कैसे बिजली होगी स्टोर?

यह दुनिया की सबसे बड़ी पंप्ड हाइड्रो एनर्जी स्टोरेज परियोजनाओं में से एक है. इस प्रोजेक्ट में करीब 800 मीटर जमीन के नीचे अंडरग्राउंड पावर स्टेशन बनाया जा रहा है. इसमें छह रिवर्सिबल पंप-टर्बाइन लगाई जाएंगी. रिवर्सिबल पंप-टर्बाइन एक ही मशीन है जो दो काम करती है- पंप का भी और टर्बाइन का भी. जब बिजली ज्यादा होती है तब यह मशीन पंप बन जाती है. जब बिजली की जरूरत होती है तो वही मशीन टर्बाइन बन जाती है.

स्नोवी 2.0 को दुनिया में चल रही इंजीनियरिंग की सबसे जटिल और चुनौतीपूर्ण परियोजनाओं में से एक माना जाता है. असल में यह एक विशाल बैटरी है. यह हवा और सूरज से बनी अतिरिक्त बिजली को स्टोर करेगी और जब सबसे ज्यादा जरूरत होगी, तब उसे घरों और कारोबारों तक पहुंचाएगी. स्नोवी 2.0 की 2,200 मेगावाट क्षमता 30 लाख घरों को एक हफ्ते तक बिजली देने के लिए काफी होगी, जो करीब 2.6 करोड़ होम बैटरियों के बराबर है.

ऑस्ट्रेलियन एनर्जी मार्केट ऑपरेटर का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया को 2050 तक नेट जीरो तक पहुंचने के लिए बिजली को स्टोर करके रखने की बहुत बड़ी क्षमता चाहिए होगी. उसके हिसाब से नेशनल इलेक्ट्रिसिटी मार्केट को करीब 649 गीगावाट घंटे ऐसी बिजली की जरूरत होगी जिसे जब चाहें तब इस्तेमाल किया जा सके. मतलब ऐसी बिजली जो स्टोर करके रखी हो और जरूरत पड़ने पर तुरंत ग्रिड को दी जा सके. अकेली स्नोवी 2.0 ही इस जरूरत का आधे से ज्यादा हिस्सा पूरा कर देगी. यह ग्रिड को करीब 3,50,000 मेगावाट घंटे बिजली स्टोर करने की क्षमता देगी और इसे ऐसे बनाया जा रहा है कि यह 150 साल तक चल सके.

Advertisement

पूरे पाकिस्तान को दे सकता है बिजली

Snowy 2.0 प्रोजेक्ट की प्रस्तावित 350 GWh बिजली स्टोरेज क्षमता की तुलना पाकिस्तान की बिजली खपत से करें तो यह उसके करीब एक दिन की औसत बिजली खपत के बराबर है. पाकिस्तान ने 2024 में करीब 1,28,214 GWh बिजली की खपत की थी. यानी उसकी औसत दैनिक खपत लगभग 351 GWh बैठती है. इस लिहाज से Snowy 2.0 में एक बार में स्टोर की जा सकने वाली बिजली पाकिस्तान की करीब एक दिन की औसत जरूरत के बराबर होगी.

कबतक पूरा होगा प्रोजेक्ट

इस प्रोजेक्ट में अब तक काफी काम पूरा हो चुका है. सितंबर 2026 तक ड्रिल और ब्लास्ट से बनने वाली टनल का 95% काम पूरा हो गया है. टीबीएम यानी टनल बोरिंग मशीन से बनने वाली टनल का 65% काम पूरा हुआ है. पावर स्टेशन कॉम्प्लेक्स की खुदाई का 90% काम हो चुका है और पूरे प्रोजेक्ट का डिजाइन भी लगभग पूरा है. डिजाइन का 96% काम खत्म हो चुका है.

Advertisement

इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 22.2 अरब डॉलर है. लेकिन खर्च बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए 25 अरब डॉलर तक के खर्च की तैयारी रखी गई है. इस प्रोजेक्ट को पूरी तरह चालू करने का टारगेट साल 2029 के आखिर तक रखा गया है.

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में

यह भी पढ़ें | मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का 2027 में पहला ट्रायल, सूरत-बिलिमोरा के बीच दौड़ेगी गाड़ी, होगी मेगा कनेक्टिविटी

Featured Video Of The Day
पंजाब में BJP-अकाली दल का गठबंधन! अमित शाह का बड़ा ऐलान!

Topics mentioned in this article
Infrastructure Project
Infra Project
Electricity Project News

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं