कौन थे अवतार सिंह, जिनकी कैलिफोर्निया में गलत पहचान के कारण दिनदहाड़े अगवा कर हुई हत्या

अवतार सिंह को कैलिफोर्निया के ट्रेसी शहर से 17 फरवरी की रात को अगवा कर लिया गया था. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें गलतफहमी में निशाना बनाया गया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

अमेरिका में गलत पहचान के कारण 57 वर्षीय सिख व्यक्ति का दिनदहाड़े अपहरण करके हत्या कर दी गई. अवतार सिंह कैलिफोर्निया के ट्रेसी शहर से 17 फरवरी की रात को लापता हुए थे. कुछ दिन बाद उनकी लाश मिली. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें गलतफहमी में निशाना बनाया गया था.

सफेद एसयूवी में अगवा किया गया

पुलिस ने बताया कि अवतार सिंह को 17 फरवरी की रात करीब 9 बजे संदिग्ध हालात में लापता बताया गया था. पुलिस को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला. इसमें एक सफेद एसयूवी दिखी, जिसमें गहरे रंग के कपड़े पहने तीन लोग सवार थे. अवतार को दोपहर करीब ढाई बजे इन लोगों के साथ देखा गया. सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिस का मानना है कि अवतार को जबरन कार में बैठाया गया था. 

3 दिन बाद मिला लाश

अवतार सिंह की पत्नी ने उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसमें कहा था कि रात 9 बजे जब वह काम से वापस आईं तो देखा कि उनके 3 बच्चे वहीं हैं और अवतार गायब हैं. इसके बाद से ही पुलिस अवतार की तलाश में जुटी हुई थी.  अब नापा काउंटी के शेरिफ को लेक बेरीएसा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है. जांच से पता चला कि यह शव अवतार सिंह का ही है. सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने इस घटना को भयावह घटना करार दिया. 

पुलिस बोली, गलत पहचान का मामला

सैन जोआक्विन काउंटी के शेरिफ पैट्रिक विद्रो ने मीडिया को बताया कि आरोपियों का इरादा असल में अवतार सिंह को नुकसान पहुंचाना नहीं था. अपहरणकर्ता किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन गलतफहमी के कारण उन्होंने अवतार को अगवा कर लिया. शेरिफ ने कहा कि सिख समुदाय को भरोसा दिलाया है कि इस घटना से सिख समुदाय या आम लोगों के लिए किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है. अपहरणकर्ताओं के मकसद और उनकी पहचान का पता लगाया जा रहा है.  

कौन थे अवतार सिंह?

सिख समुदाय के सदस्य दीप सिंह के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि अवतार सिंह एक स्थानीय गुरद्वारे में स्वयंसेवक के रूप में काम करते थे और वहीं परिसर में अपनी पत्नी और तीन छोटे बच्चों के साथ रहते थे. अवतार बहुत ईमानदार और मेहनती थे. वह 23 साल से गुरुद्वारे में मुख्य रसोइए  के रूप में सेवा कर रहे थे. जरूरत पड़ने पर वह हर तरह के कार्यों में मदद करते थे.

ये भी देखें- ऑस्ट्रेलिया में सिख युवक पर नस्लीय हमला, पहले दी गाली, फिर नाक पर मारी टक्कर

Featured Video Of The Day
Avimukteshwaranand को जेल या बेल? NDTV पर Shankaracharya का EXCLUSIVE Interview
Topics mentioned in this article