भारत और पाकिस्तान एक साथ बैठकर बात कर सकते हैं, काम कर सकते हैं, लेकिन ऐसा तभी संभव है जब इस्लामाबाद भारत में आतंकवाद को समर्थन देना और बढ़ावा देना बंद कर दे. यह बात लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कही है. बुधवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों से बातचीत करते हुए, कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक निर्दोष लोगों की हत्याएं होती रहेंगी, तब तक भारत के लिए पड़ोसी देश के साथ बातचीत करना असंभव है.
राहुल गांधी एक ऐसे स्टूडेंट के सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसने खुद को पाकिस्तानी नागरिक बताया था. उसने राहुल गांधी से पूछा कि क्या दोनों पड़ोसी देश बाहरी ताकतों को अपने मतभेदों का फायदा उठाने दिए बिना, "आरोप-प्रत्यारोप के दौर से आगे बढ़कर आपसी लाभ के लिए मिलकर काम कर सकते हैं?"
इसपर राहुल गांधी ने कहा, "गुंजाइश तो है, लेकिन एक बड़ी समस्या है- पाकिस्तान द्वारा हमारे देश में आतंकवाद को समर्थन और बढ़ावा दिया जाना." उन्होंने आगे कहा, "हमारे लिए यह स्वीकार करना नामुमकिन है कि हमारे बेगुनाह लोग मारे जाएं और हम पाकिस्तान के साथ बातचीत करें. इसलिए, जिस पल यह सब रुक जाएगा, उस पल बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है."
#WATCH | Illinois, US | On being asked if there is scope for India and Pakistan to move beyond blame game and work together, Lok Sabha LoP Rahul Gandhi says, "There is a scope, but there is a major problem—and that is Pakistan's support for and promotion of terrorism within our country. This is absolutely out of the question. It is impossible for us to accept a situation where our innocent people are being killed while we engage in talks with Pakistan. So, the moment that stops, then a conversation can potentially begin..." (Source: INC India/X)
— ANI (@ANI) November 20, 2026
भारत की विदेश नीति राष्ट्रीय हितों के अनुरूप होनी चाहिए- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा है कि भारत को इजरायल के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध बनाए रखने चाहिए, लेकिन साथ ही गाजा में इजरायल की कार्रवाइयों का विरोध भी करना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की विदेश नीति उसके अपने राष्ट्रीय हितों से तय होनी चाहिए, न कि अन्य देशों के दबाव से सीमित होनी चाहिए.
यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में 'ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका' विषय पर प्रोफेसर पेप के साथ बातचीत के दौरान, गांधी ने कहा कि भारत को इजरायल के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने चाहिए, जिसमें रक्षा सहयोग भी शामिल है, लेकिन इससे भारत को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपना रुख रखने से नहीं रुकना चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा, "इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं और हम उनसे हथियार भी खरीदते हैं. लेकिन हम 1.5 अरब की आबादी वाला एक बहुत बड़ा देश हैं, और हमारी विदेश नीति इस बात पर आधारित होनी चाहिए कि हमारे लिए क्या अच्छा है, न कि इस बात पर कि दूसरों के लिए क्या अच्छा है. मैं इजरायल के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने का पूरा समर्थन करता हूं. हालाँकि, भारत को वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका निभानी चाहिए और अपना प्रभाव दिखाना चाहिए. इस पर किसी का कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए."
उन्होंने कहा, "अपने आकार की वजह से, वैश्विक स्तर पर भारत की स्वाभाविक रूप से एक अहम आवाज है और उसे वैश्विक बातचीत में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए. लेकिन सच कहूं तो, भारत अब बस एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है." उन्होंने आगे कहा, "मुझे इस बात से काफी हैरानी है कि पाकिस्तान ईरानियों और अमेरिकियों के साथ बातचीत करने में व्यस्त है, और भारत बस तमाशा देख रहा है."
यह भी पढ़ें | 'चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे', शिकागो यूनिवर्सिटी में वोट चोरी पर बोले राहुल गांधी, बोले- हम जीत रहे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं