- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड की यात्रा के बाद स्वीडन पहुंचे जहां उनका स्वागत स्वीडिश पीएम ने किया
- स्वीडन के लड़ाकू विमानों ने पीएम मोदी के विमान को स्वीडन के एयरस्पेस में प्रवेश पर एस्कॉर्ट किया था
- मोदी और स्वीडन के PM द्विपक्षीय व्यापार, एआई, रक्षा निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड की यात्रा खत्म कर रविवार को स्वीडन पहुंच गए हैं. रविवार को प्रधानमंत्री मोदी का विमान गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर उतरा तो उनका स्वागत स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने किया. इससे पहले जब उनका विमान स्वीडन के एयरस्पेस में पहुंचा तो स्वीडन के लड़ाकू विमानों ने उसे एस्कॉर्ट किया.
पीएम मोदी के इस दौरे से भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, इनोवेशन, ग्रीन टेक्नोलॉजी और उभरते क्षेत्रों में संबंधों के और गहरे होने की उम्मीद है.
स्वीडन का यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के नीदरलैंड्स के दो दिन के आधिकारिक दौरे के ठीक बाद हो रहा है. प्रधानमंत्री ने इससे पहले 2018 में पहली बार आयोजित भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के लिए स्वीडन का दौरा किया था.
स्वीडन क्यों गए हैं PM मोदी?
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इस बातचीत का मकसद भारत-स्वीडन संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करना और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशना है.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेता द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लिए सहयोग के नए रास्ते तलाशेंगे. यह व्यापार अब 7.75 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. साथ ही, भारत में स्वीडन का एफडीआई भी 2.825 अरब डॉलर (2000–2025) तक पहुंच चुका है.
उम्मीद है कि चर्चा का मुख्य केंद्र हरित परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), उभरती टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, मजबूत सप्लाई चेन, रक्षा निर्माण, अंतरिक्ष सहयोग, जलवायु कार्रवाई और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना होगा.
स्वीडन को यूरोप की अग्रणी इनोवेशन-आधारित अर्थव्यवस्थाओं में से एक माना जाता है. ऐसे में दोनों देश भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग का विस्तार करना चाहते हैं.
इस दौरे का एक मुख्य आकर्षण 'यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री' में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन की भागीदारी होगी. यह व्यापार जगत के नेताओं का एक प्रमुख अखिल-यूरोपीय मंच है. दोनों नेता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ मिलकर इस सभा को संबोधित करेंगे.
यह भी पढ़ेंः नीदरलैंड ने भारत को चोल राजवंश के ताम्रपत्र वापस किए, पीएम मोदी बोले- भारतीयों के लिए गर्व का क्षण
5 देशों की यात्रा पर हैं PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा पर हैं. वह सबसे पहले 15 मई को UAE पहुंचे थे. इस दौरे के दौरान भारत और UAE के बीच कई अहम समझौते हुए थे.
इनमें रणनीतिक रक्षा साझेदारी, एलपीजी की आपूर्ति के साथ-साथ रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व और भारत के आरबीएल बैंक, सम्मान कैपिटल और इन्फ्रास्ट्रक्चर में 5 अरब डॉलर का निवेश शामिल है.
इसके अलावा, दोनों देश के बीच गुजरात के वाडिनार में एक शिप रिपेयरिंग क्लस्टर को स्थापित करने के लिए समझौता हुआ है.
UAE के बाद पीएम मोदी नीदरलैंड पहुंचे. नीदरलैंड यात्रा के दौरान उन्होंने रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए.
रविवार को स्वीडन के लिए रवाना होने से पहले मोदी ने जेटेन के साथ ‘अफस्लुइटडिज्क' डैम का दौरा किया. स्वीडन के बाद पीएम मोदी नॉर्वे और फिर इटली जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः क्या झालमुड़ी यहां भी पहुंच गई; नीदरलैंड में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल-असम की जीत का यूं किया जिक्र













