- बोलिवियाई वायु सेना का हरक्यूलिस विमान राजधानी ला पाज़ के पास व्यस्त सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया
- विमान खराब मौसम के कारण सड़क पर गिरा, जहां कई वाहन खड़े थे और वे विमान के नीचे कुचले गए
- इस दुर्घटना में कम से कम पंद्रह लोगों की मौत हुई और तीस से अधिक लोग घायल हुए हैं
बोलिवियाई वायु सेना का एक हरक्यूलिस प्लेन क्रैश हो गया है, जिसमें कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर है. ये विमान करोड़ों रुपये के नोट लेकर जा रहा था. शुक्रवार शाम को राजधानी ला पाज़ के पास एल ऑल्टो शहर की एक व्यस्त सड़क पर ये विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि खराब मौसम के बीच सैन्य विमान सड़क पर जा गिरा, जहां कई वाहन खड़े थे. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय टेलीविजन द्वारा प्रसारित वीडियो में विमान सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है और सड़क पर खड़ी कई कारें इसके नीचे कुचल गईं.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, बोलिविया विमान हादसे में कम से कम 15 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हो गए. एक दमकल अधिकारी ने स्थानीय समाचार एजेंसी यूनिटेल को यह जानकारी दी. स्थानीय स्टेशन यूनिटेल ने बोलिविया के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि दुर्घटना के समय विमान देश में छपे करोड़ों रुपये के नए नोट ले जा रहा था.
प्लेन क्रैश के बाद नोट बटोरते दिखे लोग
बोलिविया में हरक्यूलिस प्लेन क्रैश के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फुटेज में दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है, जिसमें लोग मलबे के आसपास जमा होकर जमीन पर बिखरे नोटों को उठाते नजर आ रहे हैं. घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय अधिकारियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल करते देखा गया. हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
एयरपोर्ट किया गया बंद
दुर्घटना के बाद, एल ऑल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया. बोलिविया की राष्ट्रीय एयरलाइन, बोलिवियाना डी एविएशन ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना में शामिल विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था.













