साल 2000 में यमन के दक्षिणी इलाके से एक 18 साल की लड़की को पहले पाकिस्तान और फिर अफगानिस्तान के कंधार ले जाया गया. जिस लड़की को उठाया गया था, उसका नाम था- अमल अल-सदाह. बाद में अमल अल-सदाह जिसका निकाह अल-कायदा के आतंकी ओसामा बिन लादेन से करवा दिया गया.
लादेन का यह 5वां निकाह था. CNN की 2012 की रिपोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, निकाह के बाद कंधार में जमकर जश्न मनाया गया. मौज-मस्ती की गई. हवाई फायरिंग हुई. जश्न सिर्फ पुरुषों ने मनाया था. औरतों ने नहीं. क्योंकि सुन्नी परंपरा इसकी इजाजत नहीं देती.
निकाह के एक साल बाद और 9/11 के हमलों के कुछ दिन बाद ही अमल ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम सफिया था. कुछ हफ्तों बाद बिन लादेन ने पाकिस्तान पत्रकार हामिद मीर से एक इंटरव्यू में कहा, '11 सितंबर के बाद मैं एक बेटी का पिता बना. मैंने उसका नाम सफिया के नाम पर रखा, जिसने पैगंबर के समय एक यहूदी जासूस को मार डाला था. मेरी बेटी भी साफिया की तरह इस्लाम के दुश्मनों को मारेगी.'
लादेन और 9/11 का जख्म
ओसामा बिन लादेन को दुनिया से गए 15 साल से ज्यादा हो गए हैं. लेकिन बिन लादेन का नाम आज भी सुर्खियों में रहता है, क्योंकि इसने दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क माने जाने वाले अमेरिका को 11 सितंबर 2001 को इतने गहरे जख्म दिए थे, जिसे भुलाना आज भी उसके लिए मुमकिन नहीं है. आज भी दुनिया इसे 9/11 से याद रखती है.
9/11 को अल-कायदा के आतंकियों ने दो विमान न्यूयॉर्क के ट्विन टॉवर्स से टकरा दिए थे. इससे दोनों इमारतें जमींदोज हो गई थी. तीसरा विमान पेंटागन से टकराया. इन आतंकी हमलों में लगभग 3 हजार लोगों की मौत हो गई थी. हजारों लोग घायल हुए थे.
Photo Credit: AFP
इन हमलों के 10 साल बाद 2 मई 2011 को अमेरिका ने पाकिस्तान के ऐबटाबाद में रविवार की रात को लादेन को घर में घुसकर मारा. इसमें लादेन के परिवार के भी कुछ लोग मारे गए थे. साफिया ही थी, जिसने अपने पिता और दुनिया के खूंखार आतंकी बिन लादेन को मरते हुए देखा था. लादेन की 5वीं पत्नी अमल भी अमेरिकी हमले में घायल हो गई थी.
ये वीडियो देखें- ओसामा की वो आखिरी रात...
लादेन के परिवार में कौन है?
बिन लादेन की 5 पत्नियों से 20 से ज्यादा बच्चे थे. कुछ रिपोर्ट्स में 24 बच्चे होने का दावा किया जाता है. ऐबटाबाद में लादेन के साथ उसका एक बेटा भी मारा गया था.
CNN के टेररिज्म एनालिस्ट पीटर बर्गन ने बिन लादेन की शादियों के बारे में अपनी किताब 'द ओसामा बिन लादेन आई नो: एन ओरल हिस्ट्री ऑफ अल-कायदा लीडर' में लिखते हैं, 'उसकी पहली शादी 17 साल की उम्र में अपनी कजिन नजवा घनेम से हुई थी, जो शायद उससे दो साल छोटी थी. उनके 11 बच्चे थे. लेकिन 9/11 से कुछ दिन पहले नजवा ने उसे छोड़ दिया.'
ऐबटाबाद में इसी घर में रहता था लादेन.
Photo Credit: AFP
बिन लादेन की दूसरी पत्नी खदीजा शरीफ थी, जो उससे नौ साल बड़ी, बहुत पढ़ी-लिखी और पैगंबर की सीधी वंशज थी. उन्होंने 1983 में शादी की और उनके तीन बच्चे हुए और आखिरकार 1990 के दशक में सूडान में रहते हुए उनका तलाक हो गया. ऐसा माना जाता है कि खदीजा बाद में सऊदी लौट गई थी.
बिन लादेन की पहली पत्नी नजवा ने उसकी तीसरी शादी खैरिया साबर से करवाने में मदद की थी. वह भी एक बहुत पढ़ी-लिखी महिला थी और उसके पास इस्लामिक शरिया में डॉक्टरेट की डिग्री थी. उसने 1985 में बिन लादेन से शादी की और उनका एक बेटा हुआ. बर्गन लिखते हैं कि यह पता नहीं है कि अक्टूबर और नवंबर 2001 में अफगानिस्तान पर हुई बमबारी में वह बची या नहीं.
फिर सिहाम साबर आई, जिसने 1987 में बिन लादेन से शादी की. उनके चार बच्चे थे और खैरिया की तरह ही अफगानिस्तान पर हमले के बाद से उसके बारे में कोई खबर नहीं मिली है. बिन लादेन की पांचवीं शादी अमल अल-सदाह से हुई थी. दोनों की एक बेटी साफिया थी. अमल के साथ भी लादेन के 5 बच्चे थे.
लादेन के बच्चों का क्या हुआ?
बिन लादेन के ज्यादातर बच्चों के बारे में पब्लिक डोमेन में कोई जानकारी नहीं मिलती. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, बिन लादेन अपने बेटों को अपने नक्शेकदम पर चलने के लिए ट्रेन्ड कर रहा था. उसकी कुछ बेटियां भी थीं.
Photo Credit: AFP
इस ऑपरेशन में लादेन का 23 वर्षीय बेटा खालिद भी मारा गया. अमल अल-सदाह सील्स की गोली से घायल हुई थी और लादेन की बेटी साफिया ने अपने पिता को मरते देखा था. बाद में पाकिस्तान ने इन तीनों पत्नियों और बच्चों को हिरासत में लेकर सऊदी अरब डिपोर्ट कर दिया था. 2009 में उसका एक और बेटा साद बिन लादेन की भी अमेरिकी ड्रोन स्ट्राइक में मौत हो गई थी.
बिन लादेन का सबसे बड़ा बेटा अब्दुल्ला ओसामा बिन लादेन है. वह उसकी पहली पत्नी नजवा घनेम का बेटा है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि अब्दुल्ला जब 8 साल का था तब बिन लादेन उसे अफगानिस्तान ले आए थे. यहां बिन लादेन की सख्तियों ने उसे परेशान कर दिया. अब्दुल्ला ने अपनी कजिन से शादी की और 1995 में जेद्दाह आ गया. इसके बाद से उसका अपने पिता से कोई संपर्क नहीं रहा.
हमजा बिन लादेन.
Photo Credit: AFP
बिन लादेन के बच्चों में सबसे चर्चित नाम था- हमजा बिन लादेन. हमजा उसकी तीसरी पत्नी खैरिया साबर का बेटा था. हमजा को बिन लादेन ने अपने उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार किया था. बिन लादेन की मौत के बाद हमजा ही अल-कायदा का काम संभालता था. 2017 में अमेरिका ने उसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया. 2019 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमजा के मारे जाने का दावा किया था. हालांकि, इसके बाद भी कई बार हमजा के जिंदा होने की खबरें आती रहीं.
उसकी पहली पत्नी का ही चौथा बेटा उमर बिन लादेन भी चर्चा में रहता है. उमर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उसने उसने 14 साल की उम्र से अल-कायदा कैंपों में ट्रेनिंग ली थी. उसने दावा किया था कि वह मासूमों की हत्या में शामिल होना नहीं चाहता था, इसलिए 2000 में उसने अल-कायदा छोड़ दिया था.
2010 में उसने ABC न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा था कि बचपन में जब वह जोर से हंस रहा था, तो उसके पिता बिन लादेन ने उसे बहुत मारा था.
उमर बिन लादेन और उसकी पत्नी.
Photo Credit: AFP
उमर बिन लादेन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. सितंबर 2006 में उसने ब्रिटिश महिला जेन फेलिक्स-ब्राउनी से शादी की. दोनों शुरुआत में जेद्दाह में रहे लेकिन फिर फ्रांस में रहने लगे. न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, वह 2016 से फ्रांस में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था और आर्टिस्ट के तौर पर काम करता था. बाद में फ्रांस ने उसके रहने पर बैन लगा दिया. 2023 में फ्रांस से निकलने के बाद उस पर परमानेंट बैन लगा दिया गया. 2024 की BBC की रिपोर्ट बताती है कि फ्रांस से निकलने के बाद उमर कतर आ गया था.
बिन लादेन के 11 बेटे थे लेकिन इनमें से ज्यादातर ने उसका साथ नहीं दिया. हमजा बिन लादेन ग्लोबल टेररिस्ट बना और शायद 2019 में मारा जा चुका है. लादेन की बेटियों के बारे में कोई जानकारी मौजूद नहीं है.
लादेन की बेटियों के बारे में तो उसके बॉडीगार्ड अबु जंदल को भी नहीं बता था. अबु जंदल ने 2005 में कुद्स अल अरबी को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उसने कहा था कि बिन लादेन की कितनी बेटियां हैं, ये तो उसे भी नहीं पता. उसने इंटरव्यू में कहा था कि बिन लादेन के कुल 11 बेटे थे, जिनमें से कुछ ने अपने पिता का साथ छोड़ दिया.