इजरायल के साथ जारी जंग में हमास को एक और बड़ा झटका लगा है. इजरायल ने अब हमास के इंटरनल सिक्योरिटी चीफ नईम अबू नहाल को मार गिराने का दावा किया है. इजरायल का दावा है कि गाजा के भीतर हमास की मजबूत पकड़ को नईम अबू ही संभालता था.
नईम अबू के मारे जाने का ऐलान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने किया.
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) के सूत्रों के मुताबिक, अबू नहाल ही वह व्यक्ति था जो गाजा के भीतर हमास का 'शैडो एंपायर' यानी उसका खुफिया नेटवर्क चलाता था. उसका मारा जाना हमास के इंटरनल कमांड के लिए एक बड़ा झटका है.
एक बयान में, नेतन्याहू और काट्ज ने बताया कि अबू नहाल को हमास के पिछले इंटरनल सिक्योरिटी चीफ के पकड़े जाने के ठीक तीन महीने बाद मार गिराया गया.
दोनों नेताओं ने सरकार की आक्रामक नीति को लागू करने के लिए IDF और शिन बेत (ISA) की तारीफ की.
साथ ही, अभी भी छिपे हुए हमास नेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि 'कोई भी आतंकवादी इजरायल की लंबी पहुंच से बच नहीं पाएगा.'
हालांकि, इजरायल ने अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि अबू नहाल को कहां और कैसे मारा गया.
अबू नहाल ने कुछ महीने पहले ही इंटरनल सिक्योरिटी की कमान संभाली थी. इस पोस्ट पर रहने के कारण वह गाजा में सबसे खूंखार लोगों में से एक बन गया था और इजरायल के निशाने पर आ गया था.
उसका मारा जाना बताता है कि हमास के खिलाफ इजरायल का ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है. टॉप कमांडरों के खात्मे के बाद अब IDF व्यवस्थित तरीके से हमास की सेकंड लाइन ऑफ कंट्रोल को भी खत्म कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं