- इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के 18वें दिन दोनों देशों के शहरों में मिसाइल हमलों से भारी तबाही हुई है
- तेल अवीव के पास होलोन स्टेशन पर मिसाइल गिरने से स्टेशन का इन्फ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है
- यरूशलेम के पवित्र स्थलों के आसपास मिसाइल के टुकड़े गिरने से ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल प्रभावित हुए हैं
आसमान से बरसती मिसाइलें, जमीन पर बिखरा कांच और मलबे में तब्दील होते शहर... इजरायल-ईरान जंग के बीच दोनों देशों के शहरों में ऐसा ही मंजर है. इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी इस जंग का आज 18वां दिन है. तेल अवीव के पास होलोन स्टेशन से लेकर यरूशलेम की पवित्र गलियों तक खौफनाक तस्वीर है. 'स्टार ऑफ डेविड' और 'चर्च ऑफ द होली सेपल्चर' जैसे पवित्र स्थलों के पास गिरते मिसाइल के टुकड़े बता रहे हैं कि ये युद्ध अब किसी सीमा को नहीं पहचानता. इजरायल में ग्राउंड जीरो से NDTV इंडिया की ये रोंगटे खड़े कर रिपोर्ट पढ़िए.
इजरायल के होलॉन स्टेशन पर बुरा हाल
NDTV इंडिया की टीम इजरायल के होलॉन स्टेशन पर पहुंची, जहां तेल अवीव के पास मिसाइल गिरी थी. यहां के दृश्य बेहद भयानक हैं. स्टेशन के अंदर का शीशा पूरी तरह बिखरा पड़ा है. एक एस्केलेटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. स्टेशन की छत का मलबा भी नीचे गिरा हुआ है. यहां सायरन बजने के कारण इमरजेंसी स्थिति पैदा हो गई है और इमरजेंसी वर्कर्स स्थिति को संभालने के लिए निकल रहे हैं. सुरक्षा कारणों से स्टेशन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. लेकिन खतरा अभी टला नहीं है. अभी और मिसाइल अटैक होने की आशंका है.
येरूशलेम के पवित्र स्थलों पर भी मिसाइल अटैक
यही हाल येरूशलेम की ऐतिहासिक गलियों का है. कल शाम ईरान ने यहां एक बहुत बड़ा हमला किया था. यह जगह ईसाई, मुस्लिम, यहूदी और अर्मेनियाई समुदायों के लिए बहुत पवित्र है. यहां कभी हमले की आशंका नहीं थी. इस हमले में ऐतिहासिक 'स्टार ऑफ डेविड' और 'चर्च ऑफ द होली सेपल्चर'के पास मिसाइल के टुकड़े गिरे, जिससे इन पवित्र स्थलों को नुकसान पहुंचा है. अब इजरायली सरकार ईरान पर निशाना साध रही है.
यह हाल युद्ध के 18वें दिन का है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या युद्ध विराम होगा? फिलहाल जो स्थिति है उससे तो यही लगता है कि ईरान, इजरायल या अमेरिका में से कोई भी बातचीत के लिए तैयार नहीं है और युद्ध अभी जारी है.
यह भी पढ़ें: 'खून की एक-एक बूंद की कीमत चुकानी होगी', लारिजानी की हत्या पर ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का बड़ा बयान













