- अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई.
- अली मोहम्मद नैनी ने अमेरिका-इजरायल को आगामी आश्चर्यजनक हमलों की चेतावनी देते हुए उनके दावों को चुनौती दी थी.
- नैनी ने इजरायल के PM नेतन्याहू के यूरेनियम संवर्धन और मिसाइल निर्माण संबंधी दावे का मजाक उड़ाया था.
अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान को निशाना बना रहे हैं. अब अमेरिका-इजरायल के हवाई हमले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई है. अधिकारी ने खाड़ी में अमेरिका के नौसैनिक दावों को चुनौती देते हुए इजरायल को आने वाले आश्चर्यजनक हमले की चेतावनी दी थी. IRGC ने कहा कि उनके प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी अमेरिकी-यहूदी पक्ष द्वारा तड़के किए गए आपराधिक और कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हो गए.
साथ ही अली मोहम्मद नैनी की मौत पर IRGC ने कहा कि उनके क्रांतिकारी विचार रिवोल्यूशनरी गार्ड को अहंकारी शक्तियों के खिलाफ मार्गदर्शन देते रहेंगे.
नैनी की अमेरिका-इजराइल को अंतिम चेतावनी
अपनी मौत से पहले अपने अंतिम बयान में ब्रिगेडियर जनरल ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस दावे का मजाक उड़ाया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन या बैलिस्टिक मिसाइल का निर्माण नहीं कर सकता है. नैनी ने कहा था कि इजरायल और अमेरिका के साथ युद्ध के बावजूद तेहरान की मिसाइल इंडस्ट्री अपने 'उच्चतम स्तर' पर पहुंच चुकी है.
नैनी ने कहा था कि ईरान का मिसाइल प्रोडक्शन युद्ध के वक्त में भी जारी है और पर्याप्त भंडार बिना किसी चिंता के उपलब्ध हैं.
चौंकाने वाले हमले होने वाले हैं: नैनी
फार्स न्यूज एजेंसी ने उनके हवाले से कहा कि हमारी मिसाइल इंडस्ट्री को पूरे अंक मिलने चाहिए. साथ ही कहा कि इस संबंध में चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि हम युद्ध के हालात में भी मिसाइल प्रोडक्शन जारी रखे हुए हैं.
साथ ही कहा कि मिसाइल इंडस्ट्री अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है. दुश्मन पर चौंकाने वाले हमले होने वाले हैं और जैसे-जैसे युद्ध आगे बढ़ेगा ये और भी तेज होते जाएंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे को किया खारिज
इसके साथ ही वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को भी खारिज कर दिया था कि ईरान की नौसेना नष्ट हो चुकी है. साथ ही उन्होंने अमेरिका को फारस की खाड़ी में शिप तैनात करने की चुनौती दी थी. अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, उन्होंने कहा था कि क्या ट्रंप ने यह नहीं कहा था कि ईरान की नौसेना नष्ट हो चुकी है? अगर ऐसा है और हिम्मत है तो फारस की खाड़ी में अपने जहाज भेजें.
हालांकि एजेंसी द्वारा उनका संदेश साझा करने के कुछ ही वक्त बाद रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में उनकी मौत हो गई है.
मिडिल ईस्ट में युद्ध के तीसरे सप्ताह में प्रवेश के साथ ही नेतन्याहू ने दावा किया है कि तेहरान अब यूरेनियम संवर्धन या बैलिस्टिक मिसाइलों का निर्माण नहीं कर सकता है.














