दुबई में फंसी पीवी सिंधू, एयरलाइन पर उठे सवाल तो दे दिया दो टूक जवाब

मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि मध्य पूर्व में एयरस्पेस पर लगी पाबंदी की वजह से भारतीय एयरलाइन कंपनियों को 350 से ज्यादा उड़ानों को रद्द करना पड़ा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

PV Sindhu Dubai Airport: ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है. मध्य पूर्व की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिसका सीधा असर भारत समेत दुनिया के कई देशों में देखने को मिल रहा है. दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट शटलर पीवी सिंधु शनिवार को दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं, जब वे इंग्लैंड के बर्मिंघम जा रही थीं. उन्होंने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि अमीरात एयरलाइंस लोगों की समस्याओं को कम करने की पूरी कोशिश में लगी हुई है.

दरअसल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हवाई सेवाओं के मुद्दों को लेकर बहस छिड़ गई. जिसमें पीवी सिंधु के जवाब ने सभी का ध्यान खींचा. इस बहसबाजी की शुरूआत अमीरात सपोर्ट के उस पोस्ट से हुई, जिसके जरिए उन्होंने सोमवार, 2 मार्च, यूएई के समयानुसार दोपहर 3 बजे तक दुबई से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर देने की जानकारी दी.

Advertisement

'लोगों को हो रही समस्या'

अमीरात सपोर्ट के इस पोस्ट पर एनसीपी के प्रवक्ता अनीश गवांडे ने कहा कि अमीरात दूसरे एयरलाइंस से लोगों को घर लौटने में मदद नहीं कर रही है. यूरोप में फंसे यात्रियों को कई दिनों तक इंतजार करने को कहा जा रहा है. मिडिल ईस्ट में फंसे यात्रियों को ठीक अपडेट नहीं दिए जा रहे हैं. यह सिर्फ दिखावटी ऑनलाइन जनसंपर्क है, जिससे जमीनी स्तर पर ग्राहकों को कोई राहत नहीं मिल रही है.

Advertisement

एमिरेट्स कर्मचारी पूरी मदद कर रहे- पीवी सिंधू

इसके बाद पीवी सिंधू ने एमिरेट्स की तरफ से मिल रही मदद के बारे में जिक्र करते हुए बताया,  "दुबई के अधिकारियों ने इस बेहद कठिन परिस्थिति में हमारा भरपूर सहयोग दिया है. हालात बिगड़ते ही पूरा ध्यान रखा गया. हमें होटल में कमरा दिया गया और साफतौर पर बताया गया कि जब तक हम सुरक्षित रूप से वापस नहीं आ जाते, तब तक हमारी हर जरूरत का ध्यान रखा जा रहा है. इस आश्वासन से ही हमें बहुत सुकून मिला. हर कदम पर हमने खुद को सुरक्षित महसूस किया. एमिरेट्स के कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों और हवाई अड्डे पर मौजूद टीमों तक, हर एक व्यक्ति ने फंसे हुए लोगों की मदद के लिए अपनी पूरी कोशिश की है. वे हर व्यक्ति की देखभाल के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं और यह सम्मान और प्रशंसा के योग्य है."

मालूम हो भारत से मिडिल ईस्ट जाने वाली कई फ्लाइट्स या तो रद्द कर दी गई हैं या उनके समय में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

350 उड़ानें हुईं रद्द

मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि मध्य पूर्व में एयरस्पेस पर लगी पाबंदी की वजह से भारतीय एयरलाइन कंपनियों को 350 से ज्यादा उड़ानों को रद्द करना पड़ा. इसमें स्पाइसजेट की बात करें तो  स्पाइसजेट की आज 24 उड़ानें रद्द हुईं. इनमें 12 यूएई से आने वालीं और 12 यूएई जाने वालीं फ्लाइट्स हैं. स्पाइसजेट ने बताया कि 2 मार्च को 18 उड़ानें रद्द रहेंगी. इनमें 8 भारत से जाने वालीं और 10 यूएई से आने वालीं उड़ानें शामिल हैं. 3 मार्च को दुबई से पुणे आने वाली फ्लाइट को भी कैंसिल कर दिया गया है. 

Featured Video Of The Day
Iran Missile Attack on US Base Diego Garcia: क्या ईरान के पास है 4000 KM Range Ballistic Missile?