- बिल क्लिंटन ने शपथ लेकर दिए बयान में कहा कि उन्हें जेफरी एपस्टीन के यौन अपराधों की कोई जानकारी नहीं थी
- हिलेरी क्लिंटन ने स्पष्ट किया कि वो तो एपस्टीन को जानती ही नहीं थीं और वह उनसे जुड़ी नहीं थीं
- बिल क्लिंटन और ट्रंप, दोनों के नाम एपस्टीन फाइलों में आए हैं, लेकिन उन पर कोई औपचारिक आरोप नहीं लगे हैं
Epstein Files Controversy: अमेरिका के कुख्यात नाबालिग लड़कियों के यौन तस्कर जेफरी एपस्टीन के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने शपथ लेकर दिए गए बयान में कहा कि उन्हें एपस्टीन के यौन अपराधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. क्लिंटन ने यह भी दावा किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (जो कभी एपस्टीन के करीबी दोस्त थे) ने भी उनसे कभी ऐसी कोई बात नहीं कही जिससे लगे कि ट्रंप भी एपस्टीन से जुड़े किसी गलत काम में शामिल थे.
दरअसल बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी, पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से पिछले हफ्ते रिपब्लिकन पार्टी के नेतृत्व वाली हाउस ओवरसाइट कमेटी ने पूछताछ की थी. यह पूछताछ न्यूयॉर्क के चप्पाक्वा में बंद कमरे में हुई, जहां दोनों रहते हैं. अब समिति ने सोमवार, 2 मार्च को उनकी गवाही के वीडियो जारी किए हैं. हर वीडियो लगभग साढ़े चार घंटे लंबा है.
मैं एपस्टीन को नहीं जानती थी- हिलेरी क्लिंटन
हिलेरी क्लिंटन ने समिति को बताया कि वह एपस्टीन को नहीं जानती थीं. वहीं बिल क्लिंटन ने कहा कि उन्होंने 2008 में एपस्टीन के अपराध सामने आने से पहले ही उससे संबंध तोड़ लिए थे. बिल क्लिंटन ने अपनी गवाही में माना कि 2000 के शुरुआती सालों में उन्होंने एपस्टीन के प्राइवेट प्लेन से कई बार यात्रा की थी. यह यात्राएं कथित तौर पर क्लिंटन फाउंडेशन के मानवीय कार्यों से जुड़ी थीं. उन्होंने कहा, "जब भी मैं उसके आसपास था, मुझे ऐसा कुछ नहीं दिखा जिससे लगे कि वह महिलाओं की तस्करी कर रहा था."
समिति के एक सदस्य ने उनसे पूछा कि क्या एपस्टीन या मैक्सवेल द्वारा मिलवाई गई किसी युवा महिला या लड़की के साथ उनका कभी यौन संबंध रहा है. इस पर क्लिंटन ने जवाब दिया. "नहीं." पूर्व राष्ट्रपति ने यह भी याद किया कि उन्होंने 2002 या 2003 में एक गोल्फ कोर्स पर डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत की थी. क्लिंटन ने कहा. "राष्ट्रपति ने, यह करीब 20 साल पहले की बात है, मुझसे कभी ऐसी कोई बात नहीं कही जिससे मुझे लगे कि वह एपस्टीन से जुड़े किसी गलत काम में शामिल थे."
उन्होंने बताया कि ट्रंप ने एपस्टीन के बारे में कहा था. "तुम जानते हो, हमने कई सालों में साथ बहुत अच्छा समय बिताया, लेकिन एक रियल एस्टेट डील की वजह से हमारी दोस्ती खत्म हो गई." यहां ध्यान देने वाली बात है कि डोनाल्ड ट्रंप ने सालों में एपस्टीन से अपनी दोस्ती खत्म होने के बारे में अलग-अलग वजहें बताई हैं.
पूछताछ के बीच में एक वक्त हिलेरी क्लिंटन बहुत गुस्सा हो गईं. एक रिपब्लिकन सांसद ने नियमों का उल्लंघन करते हुए उनकी एक फोटो सार्वजनिक कर दी थी. उन्होंने गुस्से में कहा. "मैं इससे तंग आ चुकी हूं. अगर आप लोग ऐसा कर रहे हैं तो मैं खत्म कर रही हूं. आप जितना चाहें मुझपर अवमानना का आरोप लगाकर एक्शन ले सकते हैं."
यह कहते हुए उन्होंने मेज पर मुक्का भी मारा.
क्लिंटन और ट्रंप- दोनों का नाम एपस्टीन फाइलों में
बिल क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप दोनों के नाम अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी एपस्टीन फाइलों में आए हैं, लेकिन दोनों पर किसी भी गलत काम का औपचारिक आरोप नहीं लगाया गया है. बिल क्लिंटन पहले यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनका एपस्टीन से कई बार संपर्क रहा था, लेकिन उन्होंने कहा कि वह कभी एपस्टीन के कुख्यात कैरिबियन द्वीप पर नहीं गए, जहां उस पर आरोप था कि वह ताकतवर व्यापारिक और राजनीतिक लोगों के लिए युवा महिलाओं और लड़कियों की तस्करी करता था.
जेफ्री एपस्टीन को 2008 में फ्लोरिडा में 14 साल तक की लड़कियों से सेक्स के लिए पैसे देने के अपराध में दोषी ठहराया गया था. बाद में न्यूयॉर्क में उस पर सेक्स तस्करी के नए आरोप लगे थे, जिनमें उसे उम्रभर जेल हो सकती थी. 2019 में उसकी मौत जेल में हो गई. इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन एपस्टीन से जुड़े कई मामलों की तरह इस पर भी कई साजिश वाली थ्योरीज चलती रही हैं.














