ओबामा और उनकी पत्नी को अपमानित करने वाले वीडियो पर ट्रंप घिरे, लग गए नस्लवादी होने के आरोप, जानें मामला

यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने इस तरह के वीडियो साझा किए हों. पिछले साल उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बना एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें बराक ओबामा को ओवल ऑफिस में गिरफ्तार होते और जेल की वर्दी में दिखाया गया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मिशेल ओबामा का अपमानजनक वीडियो साझा किया।
  • वीडियो में ट्रंप ने 2020 के चुनावों में डोमिनियन वोटिंग सिस्टम्स द्वारा चुनाव छीनने के दावे दोहराए हैं
  • वीडियो के अंत में ओबामा दंपती के चेहरों को बंदर के शरीर पर दिखाया गया है, जिससे विवाद बढ़ा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

अमेरिकी  राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय विवादों में घिर गए जब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा को ‘एप्स' (बंदरों) के रूप में दर्शाया गया है. वीडियो सामने आने के बाद डेमोक्रेटिक नेताओं और ट्रंप के आलोचकों ने इसे आपत्तिजनक और नस्लवादी बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

ट्रुथ सोशल पर साझा किया गया वीडियो

करीब एक मिनट लंबे इस वीडियो को डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया. वीडियो में 2020 के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े उन दावों को दोहराया गया है, जिन्हें पहले ही खारिज किया जा चुका है. इसमें कहा गया है कि बैलेट‑काउंटिंग कंपनी डोमिनियन वोटिंग सिस्टम्स ने ट्रंप से चुनाव ‘छीनने' में मदद की थी. वीडियो के अंत में कुछ सेकंड के लिए ओबामा दंपती के चेहरों को बंदर के शरीर पर दिखाया गया है. इस दौरान बैकग्राउंड में प्रसिद्ध गीत “द लायन स्लीप्स टुनाइट” बजता है.

गवर्नर गैविन न्यूजम और डेमोक्रेटिक नेताओं की प्रतिक्रिया

कैलिफोर्निया के गवर्नर और ट्रंप के मुखर आलोचक गैविन न्यूजम ने इस पोस्ट की तीखी आलोचना की. न्यूजम के प्रेस ऑफिस अकाउंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर लिखा कि राष्ट्रपति द्वारा किया गया यह व्यवहार घृणित है. हर एक रिपब्लिकन को इसकी निंदा करनी चाहिए. पूर्व राष्ट्रपति ओबामा के करीबी सहयोगी और पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन रोड्स ने भी ट्रंप पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भविष्य में ट्रंप को अमेरिकी इतिहास में “एक दाग” के रूप में देखा जाएगा और उनके समर्थकों को “नस्लवादी” करार दिया.

पहले भी एआई‑जनरेटेड वीडियो साझा कर चुके हैं ट्रंप

दरअसल यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने इस तरह के वीडियो साझा किए हों. पिछले साल उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बना एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें बराक ओबामा को ओवल ऑफिस में गिरफ्तार होते और जेल की वर्दी में दिखाया गया था. इसके बाद उन्होंने हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम जेफ्रीज का भी एक एआई‑जनरेटेड वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्हें नकली मूंछ और सोमब्रेरो पहने दिखाया गया था. बराक ओबामा अमेरिका के अब तक के एकमात्र अश्वेत राष्ट्रपति रहे हैं. उन्होंने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान ट्रंप की प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस का समर्थन किया था.

व्हाइट हाउस का बचाव, ‘फेक आक्रोश' बताया

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद व्हाइट हाउस ने आलोचनाओं को खारिज किया. प्रेस सचिव कैरोलीन लीविट ने एएफपी को दिए बयान में कहा कि इस पर “फर्जी आक्रोश” जताया जा रहा है. उन्होंने कहा, “यह एक इंटरनेट मीम वीडियो है, जिसमें राष्ट्रपति ट्रंप को जंगल का राजा और डेमोक्रेट्स को ‘लायन किंग' के किरदारों के रूप में दिखाया गया है. कृपया इस फर्जी आक्रोश को बंद करें और उन मुद्दों पर रिपोर्ट करें जो वास्तव में अमेरिकी जनता के लिए मायने रखते हैं.”

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Saudi Arab की राजधानी Riyadh में धमाका | Saudi Arab Blast News | BREAKING NEWS