- PM मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 15 वर्षों बाद पहली बार सरकार बनाने में सफलता हासिल की है
- पाकिस्तान, ब्रिटेन, USA और बांग्लादेश समेत विश्व के प्रमुख मीडिया ने BJP की ऐतिहासिक जीत को व्यापक कवरेज दिया
- न्यूयॉर्क टाइम्स ने BJP की जीत को भारत के सबसे बड़े लोकतंत्र के पुनर्निर्माण अभियान का नया अध्याय बताया
BJP win in West Bengal Election and World Reaction: पीएम मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर बीजेपी ने ऐतिहासिक चुनावी जीत हासिल कर ली है. पश्चिम बंगाल, असम में बीजेपी और पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनेगी. इस चुनावी फहत में सबसे ज्यादा खुमार पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने का है. 15 साल बाद ममता बनर्जी बंगाल की सत्ता से बाहर हुईं हैं और पहली बार बीजेपी वहां सरकार बनाने जा रही है. इस प्रचंड जीत पर पाकिस्तान से लेकर लंदन तक, दुनिया के अखबार क्या लिख रहे हैं, चलिए हम आपको बताते हैं.
पाकिस्तान
पाकिस्तान के अखबार डॉन ने India's Modi celebrates 'record' win in opposition-held West Bengal (भारत के मोदी ने विपक्ष के कब्जे वाले पश्चिम बंगाल में 'रिकॉर्ड' जीत का जश्न मनाया) की हेडलाइन से खबर छापी है. एजेंसी की इस खबर में लिखा है कि "आधिकारिक रुझानों और आंशिक नतीजों में उनकी हिंदू राष्ट्रवादी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद भारतीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को विपक्ष के कब्जे वाले पश्चिम बंगाल राज्य में प्रमुख चुनावों में "रिकॉर्ड" जीत का दावा किया."
ब्रिटेन
ब्रिटेन के अखबार बीबीसी ने Modi's BJP conquers Bengal, one of India's toughest political frontiers (मोदी की भाजपा ने भारत की सबसे कठिन राजनीतिक मोर्चे में से एक बंगाल पर विजय प्राप्त की) की हेडलाइन से खबर छापी है. इसमें अखबार ने लिखा है कि "सालों तक, भारत का पश्चिम बंगाल राज्य नरेंद्र मोदी की राजनीतिक फतह का बड़ा अपवाद रहा था. लेकिन अब उनकी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भारत के हिंदी भाषी हृदय क्षेत्र में अपना परचम लहराया, पश्चिम और उत्तर-पूर्व में विस्तार किया और कभी दुर्जेय क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वियों को परास्त किया है."
अमेरिका
अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने Modi's Hindu Nationalists Conquer a Bastion of India's Opposition (मोदी के हिंदू राष्ट्रवादियों ने भारत के विपक्ष के गढ़ पर कब्जा किया) की हेडलाइन से खबर छापी है. अखबार ने इसमें लिखा कि "भारत के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की हिंदू राष्ट्रवादी पार्टी ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का पुनर्निर्माण करने के अपने दशकों लंबे अभियान में सोमवार को देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्यों में से एक में विधायी चुनाव जीतकर नया इतिहास रच दिया, जहां वह पहले कभी शासन करने के करीब नहीं पहुंची थी. 10 करोड़ से अधिक लोगों के घर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत ने, मोदी की सबसे मुखर आलोचकों में से एक, ममता बनर्जी के 15 वर्षों के शासन को समाप्त कर दी."
बांग्लादेश
पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश की नजर भी बंगाल चुनाव पर थी. वहां के जाने-माने अखबार ढाका ट्रिब्यून ने BJP to script history in West Bengal, Trinamool stares at big defeat (पश्चिम बंगाल में इतिहास रचने जा रही बीजेपी, तृणमूल को मिली बड़ी हार) की हेडलाइन से खबर छापी है. इसमें अखबार ने लिखा कि "भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बंगाल में इतिहास रचने को तैयार है. इस राज्य में आजादी के बाद अपनी पहली बार बीजेपी सरकार बनने जा रही है. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाताओं की रिकॉर्ड छंटनी के बाद पहले चुनाव में तृणमूल को 15 साल तक सत्ता में रहने के बाद हार का सामना करना पड़ रहा है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस का सीधा मुकाबला बीजेपी से ही था, जिसका चेहरा मुख्यमंत्री के पूर्व लेफ्टिनेंट, अब विपक्ष के तेजतर्रार नेता सुवेंदु अधिकारी हैं."
यह भी पढ़ें: बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत की बांग्लादेश तक गूंज, सरहद पार हलचल और बयानों का दौर













