- बांग्लादेश के आम चुनाव में अवामी लीग पर बैन लगने के बाद प्रमुख मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है
- जमात-ए-इस्लामी ने मतदाताओं को इस्लाम को जीताने, जन्नत जाने और पंद्रह हजार टका का लालच दिया है
- पर्चों में मतदाताओं को वोट के बाद फोटो खींचकर सबूत के रूप में दिखाने को कहा गया है
Bangladesh Elections 2026: बांग्लादेश के अहम आम चुनाव के लिए गुरुवार, 12 फरवरी को मतदान हो रहा है. यह चुनाव अगस्त 2024 में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद हो रहा है. इस बार शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को चुनाव में बैन कर दिया गया है. चुनाव में दो दावेदार सबसे आगे हैं- बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी, जो एक ऐसी कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी है जो समाज के सभी वर्गों के मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रही है. बांग्लादेश चुनाव में धर्म और धन का खुला खेल चल रहा है. जमात जन्नत और 15000 टका का लालच वोट अपने पाले में करने की कोशिश कर रहा है.
NDTV द्वारा एक्सेस किए गए लीफलेट (पर्चे) में जमात-ए-इस्लामी ने वोटरों को अपने पाले में करने के लिए धार्मिक भावनाओं के साथ-साथ आर्थिक लालच देने का सहारा लिया है. पर्चे में दावा किया गया है कि संसद चुनाव में इस्लाम की जीत सुनिश्चित करने के लिए, जमात के चीफ डॉ. शफीकुर रहमान का जीतना जरूरी है. यदि कोई परिवार जमात के चुनाव चिह्न 'तराजू' पर वोट देता है, तो उनकी परलोक की जिंदगी पाप मुक्त हो जाएगी और उन्हें 'कब्र के अजाब' से मुक्ति मिलेगी.
जमात के पर्चे में क्या लिखा हुआ है?
"प्रिय मतदाता भाई/बहन,
अस्सलामु अलैकुम. आप जानते ही हैं कि आने वाले नेशनल संसद चुनाव में इस्लाम की जीत सुनिश्चित करने के लिए ढाका-15 सीट से अमीर-ए-जमात डॉ. शफीकुर रहमान का चुना जाना जरूरी है. हमारे मेहनती कार्यकर्ता भाई-बहनों ने आपका वोटर आईडी नंबर और bKash से जुड़ा मोबाइल नंबर पहले ही इकट्ठा कर लिया है. वोटर अलाउंस और यात्रा खर्च के रूप में तय 15,000 टका पाने के लिए नीचे दिए गए नियमों का पालन करें:
(A) आपको यह वादा पूरा करना होगा कि आपके परिवार के सभी सदस्य “दारी पल्ला” चुनाव चिन्ह पर वोट देंगे. यह वादा आपके आखिरत के गुनाहों से मुक्ति देगा और कब्र की सजा से बचाएगा.
(B) चुनाव के दिन सुबह जल्दी मतदान केंद्र जाएं और कैमरा वाला मोबाइल साथ रखें, ताकि बैलेट पर मुहर लगाने के बाद उसकी फोटो सबूत के तौर पर ली जा सके.
(C) वोट देने के बाद केंद्र से बाहर आएं और अपना वोटर ID कार्ड हमारे तय प्रतिनिधि को सौंपें तथा मुहर लगी बैलेट की फोटो दिखाएं. महिला मतदाता अपना वोटर ID कार्ड हमारी महिला जमात प्रतिनिधि को देंगी.
(D) वोट देने और ID कार्ड सौंपने के बाद मतदान केंद्र के पास ही रहें, क्योंकि किसी खास वजह से हमारे प्रतिनिधि आपको दोबारा बुला सकते हैं.
(E) देशभर में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद तय 15,000 टका वोटर अलाउंस और यात्रा किराया आपको bKash या Nagad के जरिये भेज दिया जाएगा. कुछ राशि आपको पहले ही bKash से मिल जाएगी.
नोट: जनमत-संग्रह में आपको “हां” में वोट देना है और जनमत-संग्रह बैलेट पर लगी मुहर या टिक का फोटो लेना है. इस पर्चे को पूरी तरह गोपनीय रखें और महान अल्लाह को गवाह मानें."













