- बांग्लादेश में पद्मा नदी में यात्रियों से भरी एक बस गिरने से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं
- हादसा बुधवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे हुआ, जब बस फेरी पर चढ़ते समय संतुलन खो बैठी और नदी में समा गई
- दुर्घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने रस्सियां फेंककर डूब रहे यात्रियों को बचाने की कोशिश की
बांग्लादेश में एक बड़ा हादसा हुआ है. देखते ही देखते 40 यात्रियों से भरी एक बस गहरी पद्मा नदी में समा गई. इस हादसे में अब तक 23 यात्रियों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं. मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है. रेक्स्यू टीमें उनकी लगातार तलाश कर रही है. बुधवार शाम लगभग 5.15 बजे हुए इस हादसे के बाद लापता यात्रियों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस हादसे का वीडियो सामने आया है, जो बहुत ही भयावह और डरा देने वाला है.
नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार
वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से एक बड़ी बस बाउंड्री पार कर गहरी नदी में गिरने लगी. आसपास मौजूद लोग चीखते हुए तेजी से दौड़े. जब तक वे कुछ कर पाते बस नदी में गिर चुकी थी. चीखने-चिल्लाने के सिवाय कोई कुछ नहीं कर पाया. बस के नदी में गिरते ही यात्री पानी में डूबने लगे और उनका सामान नदी में बिखर गया. लोग छटपटा रहे थे. आसपास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए कपड़ों की रस्सियां नदी में फेंकने लगे ताकि लोगों को ऊपर खींचकर बचाया जा सके. लेकिन ये मदद भी सिर्फ उन लोगों के ही काम आ सकी जिनको तैरना आता था. जो लोग तैरकर किनारे पर आ सकते थे.
ये भी पढ़ें- जंग के बीच होर्मुज पर भारत के लिए गुड न्यूज, ईरान इन 5 देशों के जहाजों को नहीं रोकेगा
रस्सियां फेंककर लोगों को बचाने की कोशिश
इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बेबस यात्री पानी में झटपटा रहे थे और वहां मौजूद लोग खुद को बहुत ही बेबस महसूस कर रहे थे. दरअसल नदी इतनी गहरी थी कि रेस्क्यू टीम के बिना उसमें उतरना संभव नहीं था.आसपास मौजूद लोगों ने रस्सियां फेंककर लोगों के हर संभव मदद की कोशिश की लेकिन 23 यात्रियों को बचाया नहीं जा सका. जब तक रेक्स्यू टीम वहां पहुंची बहुत से लोग पानी में डूब चुके थे.
नदी से क्रेन की मदद से निकाली गई बस
हादसे के बाद नदी में डूबी बस को करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया. जानकारी के मुताबिक, एक फेरी (नाव) पर चढ़ने की कोशिश करते समय बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पद्मा नदी में जा गिरी. सेना, पुलिस, फायर ब्रिगेड, तटरक्षक बल की टीमें मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.













