- होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी घेराबंदी ने ईरान के समुद्री व्यापार को पूरी तरह से बाधित कर दिया है
- प्रतिबंधित चीनी तेल टैंकर रिच स्टारी ने अमेरिकी नाकाबंदी को पार करने का प्रयास किया लेकिन असफल रहा
- अमेरिकी नौसेना ने ओमान की खाड़ी में चाबहार से निकलने वाले दो अन्य ईरानी टैंकरों को भी रोक दिया है
होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका की अभेद्य घेराबंदी ने ईरान के समुद्री व्यापार की सांसें रोक दी हैं. इस बीच अमेरिका की ओर से प्रतिबंधित चीनी तेल टैंकर 'रिच स्टारी' ने अमेरिकी नाकाबंदी को चकमा देकर निकलने की कोशिश की, लेकिन अमेरिकी नौसेना की सख्ती के आगे उसे घुटने टेकने पड़े. शिपिंग डेटा के मुताबिक, खाड़ी से बाहर निकलने की कोशिश करने वाला यह जहाज बुधवार को वापस होर्मुज की ओर लौटने पर मजबूर हो गया.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी इस कामयाबी की पुष्टि करते हुए बताया कि नाकाबंदी के पहले 24 घंटों के भीतर एक भी जहाज अमेरिकी घेरे को पार नहीं कर सका. मंगलवार, 14 अप्रैल को जब इस ब्लॉकेड का पहला दिन था, तब 'रिच स्टारी' उन आठ जहाजों में शामिल था जो इस रास्ते को पार करने की जुगत में थे.
चाबहार पर भी अमेरिका का पहरा
इस माल को संयुक्त अरब अमीरात के हमरिया बंदरगाह से लोड किया गया था. केवल यही नहीं, ओमान की खाड़ी में स्थित ईरानी बंदरगाह चाबहार से निकलने की कोशिश कर रहे दो अन्य तेल टैंकरों को भी अमेरिकी विध्वंसक जहाजों ने बीच रास्ते में ही रोक दिया.
इस तनावपूर्ण माहौल के बीच अमेरिका की ओर से प्रतिबंधित एक और विशालकाय जहाज 'एलिसिया' (Alicia) बुधवार, 15 अप्रैल को होर्मुज के रास्ते खाड़ी में प्रवेश कर रहा है. यह खाली टैंकर है जो 20 लाख बैरल तेल ले जाने की क्षमता रखता है. हालांकि, यह ईरान नहीं बल्कि इराक से तेल लोड करने जा रहा है.
अमेरिका ने क्या कहा?
US CENTCOM कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा, "ईरानी पोर्ट्स पर पूरी तरह से ब्लॉकेड लगा दिया गया है, क्योंकि U.S. सेना मिडिल ईस्ट में समुद्री बढ़त बनाए हुए है. अनुमान है कि ईरान की 90% इकॉनमी समुद्र के रास्ते होने वाले इंटरनेशनल ट्रेड से चलती है. ब्लॉकेड लागू होने के 36 घंटे से भी कम समय में, U.S. सेना ने समुद्र के रास्ते ईरान में आने-जाने वाले इकॉनमिक ट्रेड को पूरी तरह से रोक दिया है."
यह भी पढ़ें: ईरान को घेरने निकले थे ट्रंप लेकिन रूस की हो रही चांदी, अब चीन को भी तेल बेचेंगे पुतिन













