- अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग की वजह से मिडिल ईस्ट के कम से कम 8 देशों ने एयरस्पेस बंद कर दिए
- अकेले दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ही 700 से अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं. जगह-जगह यात्री फंसे हुए हैं
- एविएशन रेग्युलेटर DGCA ने सुरक्षा कारणों से 11 देशों के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने से बचने की सलाह दी है
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच मिडिल ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग से विमानों की रफ्तार थम गई है. भारत समेत तमाम देशों से खाड़ी देशों का हवाई ट्रैफिक चरमरा गया है. गल्फ के कम से कम 8 देश में एयरस्पेस बंद होने से लाखों यात्री दुनिया के अलग-अलग हवाई अड्डों पर फंस गए हैं.
इन देशों में एयरस्पेस बंद
अब तक ईरान, इजरायल, इराक, जॉर्डन, कतर, बहरीन, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सुरक्षा कारणों से अपना हवाई क्षेत्र पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद कर चुके हैं. दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ही 700 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गई हैं. एयर इंडिया, एयर फ्रांस, लुफ्थांसा और ब्रिटिश एयरवेज जैसी बड़ी एयरलाइंस ने भी खाड़ी देशों की अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं.
DGCA की सलाह, 11 देशों में उड़ान से बचें
खाड़ी में जंग को देखते हुए डीजीसीए ने 2 मार्च तक 11 देशों के हवाई क्षेत्र में जाने से बचाने की सलाह दी है. ये हैं ईरान, इजरायल, लेबनान, यूएई, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर. एविएशन मिनिस्टर राममोहन नायडू ने उच्चस्तरीय बैठक करके यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. हालात की गंभीरता को देखते हुए भारत की एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर आदि एयरलाइंस ने शनिवार को मिडिल ईस्ट की अपनी उड़ानें रद्द कर दीं. कई उड़ानों को दूसरे रास्तों से निकाला गया. सूत्रों के मुताबिक, अकेले मुंबई एयरपोर्ट से ही शाम तक 57 घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों को रद्द करना पड़ा है.
देखें - अमेरिका-इजरायल के हमलों में ईरान में अब तक 200 से अधिक की मौत, 700 से ज्यादा घायल
इन एयरलाइंस ने रद्द की उड़ानें
एयर इंडिया ने 1 मार्च के लिए अपनी 28 उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है. इनमें दिल्ली और मुंबई से लंदन, न्यूयॉर्क, शिकागो, पेरिस और फ्रैंकफर्ट जाने वाली फ्लाइट शामिल हैं. अकासा एयर ने अबूधाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद से आने जाने वाली फ्लाइट 2 मार्च तक सस्पेंड कर दी है. इंडिगो ने भी शनिवार को खाड़ी देशों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है. स्पाइसजेट ने भी यूएई की उड़ान रोक दी है.
कई भारतीय भी फंसे, सुनाई आपबीती
इस वैश्विक संकट के बीच हजारों एयरपोर्ट्स पर फंस गए हैं. इनमें बहुत से भारतीय यात्री भी हैं. अबू धाबी एयरपोर्ट पर फंसे संजीव मेहता ने मीडिया को हालात बयां करते हुए बताया कि अफरा-तफरी का माहौल है. हवाई अड्डे पर लगातार अलार्म बज रहे हैं. पूरे कैंपस को सुरक्षा बलों ने घेरे में ले लिया है. यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से एयरपोर्ट के अंदर रहने की सलाह दी गई है.
चेन्नई से शिकागो जा रहे विल वर्धन भी ट्रांजिट के दौरान अबू धाबी में फंस गए हैं. उन्होंने बताया कि मैं चेन्नई से सुबह 10 बजे निकला था, तब तक कोई समस्या नहीं थी. लेकिन यहां आकर मैं फंस गया हूं. अगली उड़ान कब होगी, इसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है.
पीवी सिंधू, मुश्फिकुर रहीम भी फंसे
मिडिल ईस्ट में जंग के चलते आम लोगों के साथ-साथ कई हस्तियां भी हवाई अड्डों पर फंस गई हैं. भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें बंद होने से अटक गई हैं. वह ऑल इंग्लैंड ओपन टूर्नामेंट के लिए जा रही थीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट का वीडियो शेयर कर वहां हो रही भीड़ और उड़ानें रद्द होने की बात बताई.
बांग्लादेश के अनुभवी क्रिकेटर मुश्फिकुर रहीम भी जेद्दा एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं. वह मक्का में उमराह करके वापस बांग्लादेश लौट रहे थे. उन्होंने जेद्दा से दुबई की फ्लाइट ली थी, उसी समय हमले की वजह से एयरस्पेस बंद कर दिया गया. उन्होंने बताया कि युद्ध की वजह से उनके विमान को बीच रास्ते से ही वापस जेद्दा लौटा दिया गया.













